फिर स्थगित हुई बीपीएससी 72वीं प्रारंभिक परीक्षा, नयी तिथि की घोषणा जल्द
बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 72वीं प्रारंभिक परीक्षा एक बार फिर स्थगित हो गयी है। इस परीक्षा का आयोजन आगामी 25 अक्तूबर को होना था।

पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 72वीं प्रारंभिक परीक्षा एक बार फिर स्थगित हो गयी है। इस परीक्षा का आयोजन आगामी 25 अक्तूबर को होना था लेकिन इससे पहले ही आयोग की तरफ से इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। बता दें कि पहले 26 जुलाई की परीक्षा स्थगित की गई थी।
आयोग द्वारा सोमवार को जारी किए गए नोटिफिकेशन के अनुसार अपरिहार्य कारणों से परीक्षा को स्थगित किए जाने की सूचना दी गयी है। परीक्षा के स्थगित होने के बाद माना जा रहा है कि आयोग द्वारा जल्द ही इस संबंध में नयी तारीख की घोषणा की जा सकती है। यह परीक्षा अब इस साल के अंत तक आयोजित की जा सकती है। बता दें कि इस परीक्षा के माध्यम से 1187 पदों पर नियुक्ति की जानी है। ज्ञात हो कि यह परीक्षा 26 जुलाई को आयोजित होनी थी लेकिन उससे पहले ही इसे स्थगित किए जाने की सूचना दी गयी। अब लगातार दूसरी बार इसे स्थगित किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार इस परीक्षा के लिए 5 लाख 15 हजार अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किए थे। 72वीं परीक्षा के लिए पहले 1230 पदों के लिए रिक्तियों की घोषणा की गई थी। हालांकि बाद में इसे नियुक्ति की संख्या में तब्दीली की गयी और गन्ना पदाधिकारी के 44 पदों को हटा दिया गया था। इसके बाद 1186 पदों के लिए आयोग द्वारा रिक्ति निकाली गई।













