फर्जी गैस बिल और क्रेडिट कार्ड के नाम पर लगाते थे चूना, तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार
साइबर क्राइम के गढ़ कहे जाने वाले जामताड़ा में पुलिस ने एक बार फिर साइबर ठगों पर शिकंजा कसा है।

जामताड़ा: साइबर क्राइम के गढ़ कहे जाने वाले जामताड़ा में पुलिस ने एक बार फिर साइबर ठगों पर शिकंजा कसा है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध के पुलिस उपाधीक्षक अमित रविदास के नेतृत्व में छापेमारी कर तीन कुख्यात साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दो जगहों पर छापेमारी भी की।
मिली खबर के अनुसार पहली छापेमारी नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम झिलुवा स्थित जोरिया के बगल में शमशान घाट के पास की गई, जहां से एक साइबर अपराधी पकड़ा गया। दूसरी छापेमारी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम घषकोटाँड़ जोरिया के पास की गई, जहां से दो साइबर अपराधी गिरफ्तार हुए। इस संबंध में साइबर थाना में दो अलग-अलग कांड 66/26 दिनांक 11.10.2026 और कांड संख्या 67/26 दिनांक 12.10.2026 दर्ज किए गए हैं। दोनों पर बीएनएस और आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम भीम मंडल, उम्र 30 वर्ष, मोजाहिद अंसारी, उम्र 37 वर्ष और कुरबान अंसारी, उम्र 26 वर्ष है। सभी जिला जामताड़ा के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से पां मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस के अनुसार अपराधी दो तरीकों से लोगों को ठगते थे। ये ग्रीन गैस के उपभोक्ताओं को बिल अपडेट कराने के नाम पर उनके मोबाइल में फर्जी एपीके फाइल भेजते थे। जैसे ही लोग वह फाइल इंस्टॉल करते, उनकी पूरी निजी जानकारी अपराधियों के पास चली जाती और वे खाते से पैसे उड़ा लेते। वहीं ये विभिन्न बैंकों का क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया कार्ड देने के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर उनके फोन में एपीके फाइल डाउनलोड करवाते और क्रेडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी चुराकर ठगी करते थे।
तीनों आरोपी शातिर हैं। भीम मंडल पर पहले से साइबर थाना कांड सं० 49/24 और नारायणपुर थाना कांड सं० 62/15 में आरोप दर्ज है। वहीं मोजाहिद अंसारी साइबर थाना कांड संख्या 58/19 और कुरबान अंसारी साइबर थाना कांड संख्या 28/23 में पहले से आरोपित है। इनका नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों में फैला हुआ था। अब पुलिस इनके नेटवर्क को खंगाल रही है।
जामताड़ा से संतोष की रिपोर्ट













