वैशाली नाव हादसा : 13 मृतकों की लिस्ट में मासूम बच्चों की संख्या ज्यादा, लोगों ने DM का किया विरोध
वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। नाव पर 20 से अधिक लोग सवार थे। हादसे में अभी तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वैशाली : वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। नाव पर 20 से अधिक लोग सवार थे। हादसे में अभी तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दर्दनाक नाव हादसे के बाद मृतकों के नाम सामने आए हैं। जिला प्रशासन की तरफ से इन सभी के नाम की सूची को जारी किया गया है। मृतकों में बच्चों की संख्या ज्यादा बताई जा रही है। घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
मृतकों में मासूम बच्चे ज्यादा हैं
आपको बता दें कि मृतकों में मीरा कुमारी पिता रामनरेश राय, निशु कुमारी पिता सत्येंद्र राय, अनिशा कुमारी पिता सुरेंद्र राय, सुनीता कुमारी पिता राज किशोर राय, आर्यन कुमार पिता गांधी राय, मोहन कुमार पिता अखिलेश राय, अमृता कुमारी पिता राज किशोर राय, अंकिता कुमारी पिता राज किशोर राय, पिंकी कुमारी पिता डोमन राय, नमन कुमार पिता मुकेश राय, सिकी कुमारी पिता सुरेश राय, भोनू कुमारी पिता रामप्रवेश राय और सोनम कुमारी पिता नरेश राय के नाम शामिल हैं।
हादसे की घटना पर पहुंचे DM, लोगों ने किया जमकर विरोध
वहीं राघोपुर नाव हादसे के बाद वैशाली जिले के जिलाधिकारी वर्षा सिंह और पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के अलावा कई बड़े अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं इस भीषण घटना के बाद लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने डीएम का जमकर विरोध किया और मुर्दाबाद के नारे लगाए। साथ ही लोगों ने कहा कि वैशाली डीएम वापस जाओ। नाव हादसा पूरे जिले को झकझोर दिया है। इस घटना में मृतक परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। राघोपुर नाव हादसे के बाद पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।
वैशाली से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट













