महाराजगंज में दर्दनाक हादसा, टोटो पलटने से मासूम की मौत, कंकाली माता के दर्शन करने जा रहा था परिवार
बिहार के सीवान से इस वक्त की बेहद दुखद और बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां महाराजगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मासूम बच्चे की मौत हो गई है।

सिवान : बिहार के सीवान से इस वक्त की बेहद दुखद और बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां महाराजगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मासूम बच्चे की मौत हो गई है। धनछुआ पुल के समीप एक टोटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में टोटो पर सवार एक बच्चे की जान चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। जी हां, पूरी खबर विस्तार से आपको बताते हैं।
मृत बच्चे की पहचान दरौंदा थाना क्षेत्र के पकलिया गांव निवासी रुद्र कुमार के रूप में हुई है
मिली जानकारी के अनुसार, मृत बच्चे की पहचान दरौंदा थाना क्षेत्र के पकलिया गांव निवासी रुद्र कुमार के रूप में हुई है। रुद्र कुमार, दीप चंद्र चौरसिया के पुत्र बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग टोटो पर सवार होकर महाराजगंज शहर मुख्यालय स्थित प्रसिद्ध कंकाली माता के दरबार में पूजा-अर्चना करने के लिए आ रहे थे। परिवार को क्या पता था कि मां के दरबार तक पहुंचने से पहले ही रास्ते में ऐसा दर्दनाक हादसा हो जाएगा, जो उनकी खुशियों को मातम में बदल देगा।
परिवार के लोग टोटो पर सवार होकर अपने गांव पकलिया से महाराजगंज की ओर आ रहे थे
बताया जा रहा है कि परिवार के लोग टोटो पर सवार होकर अपने गांव पकलिया से महाराजगंज की ओर आ रहे थे। इसी दौरान महाराजगंज थाना क्षेत्र के धनछुआ पुल के समीप अचानक टोटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टोटो पर सवार लोगों के बीच चीख-पुकार शुरू हो गई। आसपास मौजूद लोग तत्काल मदद के लिए दौड़े और हादसे में घायल लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। घटना के बाद टोटो पर सवार लोगों को इलाज के लिए महाराजगंज के अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन अफसोस, इस हादसे में मासूम रुद्र कुमार को बचाया नहीं जा सका। अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। जैसे ही डॉक्टरों ने मासूम की मौत की पुष्टि की, परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस बच्चे को परिवार पूजा कराने और मां के दर्शन कराने के लिए लेकर निकला था, उसी बच्चे की मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में भी गमगीन माहौल देखने को मिला
इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में भी गमगीन माहौल देखने को मिला। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग इस दर्दनाक घटना से सदमे में हैं। जिस यात्रा की शुरुआत श्रद्धा और आस्था के साथ हुई थी, उसका इस तरह दर्दनाक अंत होगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। फिलहाल, हादसे को लेकर स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, टोटो के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आ रही है। हालांकि, वाहन किस वजह से अनियंत्रित हुआ और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सिवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट













