तिरहुत स्नातक व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान जारी, प्रेक्षक ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन, 2026 के मतदान के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रतिनियुक्त प्रेक्षक रॉबर्ट एल चोंग्थू ने शुक्रवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

मुजफ्फरपुर : बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन, 2026 के मतदान के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रतिनियुक्त प्रेक्षक रॉबर्ट एल चोंग्थू ने शुक्रवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। प्रेक्षक ने एमआईटी, अनुमंडल कार्यालय पश्चिमी, आईसीसीसी सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा इंतजामों तथा मतदानकर्मियों की तैनाती की समीक्षा की।
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराया जा रहा है - प्रतिनियुक्त प्रेक्षक रॉबर्ट एल चोंग्थू
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराया जा रहा है। निर्धारित मानकों के अनुसार, मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। प्रेक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ मतदान प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराने का निर्देश दिया। प्रशासन की ओर से मतदान के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
दोपहर 2 बजे तक मतदान की स्थिति
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल मतदान प्रतिशत 29.32 रहा। इसमें पटना में 25.93 प्रतिशत, तिरहुत में 30.80 प्रतिशत, दरभंगा में 25 प्रतिशत और कोसी में 34.03 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल मतदान प्रतिशत 57.20 रहा। पटना में 51.79 प्रतिशत, सारण में 58.98 प्रतिशत, तिरहुत में 52.15 प्रतिशत और दरभंगा में सर्वाधिक 67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मुजफ्फरपुर से मुकेश चौरसिया की रिपोर्ट













