2 फ्लैट में भीषण चोरी, करीब 38 लाख के आभूषण सहित नगदी लेकर फरार हुए चोर
जिला मुख्यालय सासाराम के गजराढ़ मोहल्ले में सोमवार की बीती रात चोरों ने एक भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया है। दरअसल, चोरों ने सोमवार की रात एक बिल्डिंग में दो फ्लैटों को निशाना बनाते हुए लगभग 38 लाख रुपए के आभूषण और नगदी उड़ा ले गए।

सासाराम : जिला मुख्यालय सासाराम के गजराढ़ मोहल्ले में सोमवार की बीती रात चोरों ने एक भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया है। दरअसल, चोरों ने सोमवार की रात एक बिल्डिंग में दो फ्लैटों को निशाना बनाते हुए लगभग 38 लाख रुपए के आभूषण और नगदी उड़ा ले गए। घटना सासाराम नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-13 स्थित गली नंबर-2 की बताई जाती है और वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मचा है।
मकान मालिक और किराएदार के फ्लैट को बनाया निशाना
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात चोरों ने बिल्डिंग के मालिक एवं एक किराएदार के फ्लैट को निशाना बनाया है। पीड़ित परिवार के अनुसार किराएदार के फ्लैट से लगभग पांच लाख रुपए के आभूषण और 20 हजार रुपए नगद की चोरी हुई है, जबकि मकान मालिक के फ्लैट से लगभग 32 लाख रुपए के आभूषण और 50 हजार रुपए नगद चोरी हुए हैं।
छठ मनाने गांव गया था दोनों परिवार
बताया जाता है कि मूल रूप से बांका जिले के रहने वाले मकान मालिक भोलानाथ चौधरी एवं उनके किरायेदार लल्लू प्रजापति का पूरा परिवार अपने-अपने गांव छठ मनाने गया था। जिसका फायदा उठाते हुए चोरों ने बीती रात दोनों घरों पर हाथ साफ कर लिया। घटना के बाद मोहल्लेवासी सहमें हुए हैं और बढ़ते ठंड को देखते हुए शहर में गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी, जांच में जुटी पुलिस
वहीं घटना के बाद दोनों पीड़ित परिवारों ने सासाराम नगर थाने को सूचना देते हुए अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार गजराढ़ मोहल्ला निवासी रिटायर्ड पेशकार भोलानाथ चौधरी एवं उनके किराएदार लल्लू प्रजापति के घर हुई चोरी को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस में घटनास्थल का जायजा लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट














