जोगिया हत्याकांड के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 600 से अधिक भ्रामक व भड़काऊ पोस्ट चिन्हित, दो उपद्रवी गिरफ्तार
रोहतास जिले के दिनारा प्रखंड अंतर्गत जोगिया गांव में बीते पांच अगस्त को एक मजदूर की हुई हत्या के बाद तोड़फोड़, आगजनी एवं सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने के मामले में रोहतास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अबतक कुल सात प्राथमिकी दर्ज की है।

सासाराम। रोहतास जिले के दिनारा प्रखंड अंतर्गत जोगिया गांव में बीते पांच अगस्त को एक मजदूर की हुई हत्या के बाद तोड़फोड़, आगजनी एवं सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने के मामले में रोहतास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अबतक कुल सात प्राथमिकी दर्ज की है। इस आशय की जानकारी रोहतास पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने रविवार को बिक्रमगंज स्थित एसडीपीओ कार्यालय में एक प्रेस वार्ता के दौरान दी।
हत्या के चार घंटे के भीतर दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि हत्याकांड के मुख्य आरोपी अजीत तिवारी एवं अमरजीत तिवारी को घटना के महज 4 घंटे के भीतर ही रोहतास पुलिस ने गाजीपुर पुलिस, बक्सर पुलिस एवं रोहतास आसूचना इकाई की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया था, जबकि घटनास्थल से भी कई वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित कर समयबद्ध व त्वरित अनुसंधान किया जा रहा है।
तोड़फोड़ व आगजनी के खिलाफ दो एफआईआर
एसपी रौशन कुमार के अनुसार घटना के बाद आरोपी के आवास पर हुई तोड़फोड़ और आगजनी को लेकर दिनारा पुलिस ने दो प्राथमिकी दर्ज किया है। इस मामले में संलिप्त दिनारा थाना क्षेत्र के बनवारी टोला गांव निवासी सोनू चौधरी और चिलबिला टोला गांव निवासी सुनील चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
घटना के दौरान प्राप्त सीसीटीवी, मोबाइल वीडियो एवं सोशल मीडिया पर प्रसारित फुटेज की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि उपद्रव करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि कौतूहल एवं सहानुभूति वश घटनास्थल पर मौजूद लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।
600 से ज्यादा भड़काऊ व भ्रामक पोस्ट चिन्हित
पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर 600 से अधिक भ्रामक एवं भड़काऊ पोस्ट की पहचान कर नोटिस भेजे गए हैं। इसके लिए पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई है, जो हर वीडियो की सूक्ष्मता से जांच कर रही है। वहीं इस मामले में साइबर थाने में कुल पांच एफआईआर दर्ज की गई हैं तथा सभी दोषियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
स्थिति शांतिपूर्ण, धारा 163 लागू
प्रेस वार्ता के दौरान एसपी ने कहा कि फिलहाल दिनारा में स्थिति शांतिपूर्ण है। एहतियात के तौर पर प्रभावित इलाके में धारा-163 लागू कर बॉर्डर पर जांच और अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है। उन्होंने आम नागरिकों और मीडिया के सहयोग के लिए आभार जताया और कहा कि रोहतास पुलिस जिले में विधि-सम्मत तरीके से शांति व्यवस्था सुनिश्चित के लिए प्रतिबद्ध है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट












