सड़क किनारे मिला BSF जवान का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र के मोथा गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 120 पर रविवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया।

सासाराम। रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र के मोथा गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 120 पर रविवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के बुढ़वल गांव निवासी स्वर्गीय संत प्रसाद सिंह के 45 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है, जो सेवानिवृत्त आर्मी के जवान बताए जाते हैं।
सड़क किनारे मिला शव
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि आर्मी जवान का शव सड़क किनारे एक झाड़ी में पड़ा हुआ था। राह से गुजर रहे स्थानीय ग्रामीणों की नजर जब शव पर पड़ी, तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना काराकाट पुलिस को दी। हालांकि पुलिस को शव की पहचान करने में थोड़ा वक्त लगा, इसके बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी गई।
शव के समीप मिला आपत्तिजनक पदार्थ
दरअसल आर्मी जवान के शव के समीप एक आपत्तिजनक पदार्थ मिलने से मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने शव के समीप से एक सल्फास की डिबिया प्राप्त की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल से एफएसएल टीम की मदद से कई सबूत जुटाए हैं और घटना की विस्तृत जांच चल रही है।
परिजनों को हत्या की आशंका
वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों के अनुसार मृतक सीधा-साधा और अंदर से मजबूत इंसान था, जो आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता। उन्होंने बताया कि दीपक ने बीएसएफ से वीआरएस लिया था और फिलहाल सरकारी अस्पताल में प्राइवेट नौकरी करता था।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट












