गोपालगंज डीएम ने शान से लहराया तिरंगा, वीर शहीदों को नमन और विकास कार्यों का दिया ब्योरा
आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर पूरे गोपालगंज जिले में देशभक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। मुख्य समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन शहर के मिंज स्टेडियम में किया गया, जहां डीएम समीर सौरभ ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

गोपालगंज। आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर पूरे गोपालगंज जिले में देशभक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। मुख्य समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन शहर के मिंज स्टेडियम में किया गया, जहां जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने समस्त जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं।
वीर शहीदों को नमन और विकास कार्यों का ब्योरा
समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि यह आजादी हमें भारी त्याग और बलिदान के बाद मिली है, इसलिए देश की एकता, अखंडता और विकास में योगदान देना हम सभी का परम कर्तव्य है। अपने संबोधन में डीएम ने जिले में चल रही विकास योजनाओं और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी।
ग्रामीण विकास व आवास: प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों पात्र परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराया गया है।
पर्यावरण व जल संरक्षण: जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत सार्वजनिक कुओं व तालाबों का जीर्णोद्धार, अतिक्रमण मुक्ति और व्यापक पैमाने पर वृक्षारोपण किया गया है।
स्वच्छता व कृषि: स्वच्छ भारत मिशन के तहत पंचायतों में घर-घर कचरा संग्रहण जारी है। वहीं, किसानों को बीज वितरण और पीएम किसान सम्मान निधि का पारदर्शी लाभ दिया जा रहा है।
सामाजिक कल्याण: सामाजिक सुरक्षा के तहत पेंशन योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, जीविका और मद्यनिषेध विभाग द्वारा संचालित कल्याणकारी कार्यक्रमों को गति दी जा रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुँचाना सुनिश्चित करें।
अनुमंडल से लेकर पंचायत स्तर तक फहरा तिरंगा
मिंज स्टेडियम के अलावा जिले के अनुमंडल, ब्लॉक, थाना और पंचायत स्तर पर भी ध्वजारोहण के कार्यक्रम आयोजित किए गए: हथुआ में एसडीएम और एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। भोरे ब्लॉक परिसर में ब्लॉक प्रमुख राजेश राम, बीडीओ और सीओ की उपस्थिति में तिरंगा फहराया गया।
थाना व स्वास्थ्य केंद्र: भोरे थाना पर थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय, जगतौली ओपी पर थानाध्यक्ष आलोक कुमार तथा भोरे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रिशु कुमार ने झंडा तोलन किया।
पंचायत सरकार भवन पर भोरे मुखिया प्रियंका कुशवाहा), छठीयाव (मुखिया कृष्ण कुमार मिश्रा उर्फ चुन्नू बाबू), खदही (मुखिया शाह आलम), डोमनपुर (मुखिया कमलेश प्रसाद कुशवाहा), बनकटा जागीरदारी (मुखिया प्रीति) और कल्याणपुर (मुखिया राजू शाह) के पंचायत भवनों में मुखियाओं ने ध्वजारोहण किया।
शिक्षण व सामाजिक संस्थान:
सिसई पारा मेडिकल इंस्टीट्यूट (डॉ. एम कुमार), भोरे गॉड ग्रेस स्कूल (संचालक जितेंद्र वर्मा), हुसेपुर जीवन ज्योति सेवा संस्थान (डॉ. मुकेश कुमार), रेडवारिया माध्यमिक विद्यालय (प्रधानाध्यापक अमीर हसन), लामी चौर मिडिल स्कूल (प्रधानाध्यापक उमेश प्रसाद) और मोतीपुर एराजी प्राथमिक विद्यालय (प्रधानाध्यापक निकहत जहां) में भी राष्ट्रध्वज फहराया गया।
इस अवसर पर जिला परिषद प्रतिनिधि धर्मेंद्र चौहान भाजपा नेता अरविंद कुमार सिंह.सहित अनेक गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन जय हिन्द–जय भारत के नारों के साथ हुआ।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट












