40 फीट के रावण का होगा दहन, सुरक्षा में तैनात होंगे 200 मजिस्ट्रेट, DM-SP ने लिया तैयारियों का जायजा
रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन स्थित डालमियानगर खेल मैदान में विजयादशमी के दिन होने वाले रावण वध कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयारियों में जुटा है।

डेहरी ऑन सोन : रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन स्थित डालमियानगर खेल मैदान में विजयादशमी के दिन होने वाले रावण वध कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयारियों में जुटा है। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, रोहतास के पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज, एसडीएम नीलेश कुमार समेत कई वरीय अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि इस बार भी हर वर्ष की तरह 40 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व के वर्षों में जिस तरीके से भीड़ को नियंत्रित किया जाता था, उसी व्यवस्था के अनुरूप इस बार भी आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा- खेल मैदान के सामने पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी
जिलाधिकारी ने बताया कि खेल मैदान के सामने पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि लोगों को अपने वाहन खड़े करने में परेशानी न हो और कार्यक्रम स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मौके पर एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौजूद रहेगी। साथ ही जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि दुर्गा पूजा और विजयादशमी के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे डेहरी अनुमंडल में करीब 200 मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।
सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर
वहीं, रोहतास के पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज ने बताया कि रावण वध कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ भीड़ को व्यवस्थित रखना, यातायात सुचारु बनाए रखना और आपातकालीन सेवाओं को तत्पर रखना है। अधिकारियों ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि विजयादशमी के अवसर पर रावण वध का कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जा सके।
डेहरी ऑन सोन से लव कुमार की रिपोर्ट













