प्रसाद खाने के बाद 50 लोगों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में मची अफरा-तफरी
समस्तीपुर: जिले के बिथान प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में शुक्रवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 50 लोग फूड पॉइजनिंग की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच गए। प्रसाद खाने से दर्जनों बच्चे सहित पच्चास से ऊपर महिला पुरुष बीमार हुए।

समस्तीपुर: जिले के बिथान प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में शुक्रवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 50 लोग फूड पॉइजनिंग की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच गए। प्रसाद खाने से दर्जनों बच्चे सहित पच्चास से ऊपर महिला पुरुष बीमार हुए। घटना बिथान थाना क्षेत्र के उजान पंचायत के पड़ी गांव की बताई गई है। लगभग 50 से 60 मरीज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती है।
अचानक बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने से अस्पताल परिसर में भीड़ लग गई। जानकारी मिलते ही रोसड़ा एसडीएम संदीप कुमार और समस्तीपुर के सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार विथान पीएचसी पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। दोनों अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर घटना के कारणों की जानकारी लेने का प्रयास किया।
अस्पताल में भर्ती मरीजों ने बताया कि गांव में एक पूजा समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें सभी लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया था। प्रसाद खाने के कुछ समय बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। कई लोगों को दस्त, बुखार और उल्टी की शिकायत होने लगी। इसके बाद एक-एक कर बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए विथान पीएचसी पहुंचने लगे।घटना की जानकारी फैलते ही क्षेत्र में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचने लगे।अस्पताल में चिकित्सकों की टीम मरीजों के इलाज में जुटी रही।
रोसड़ा एसडीएम संदीप कुमार ने बताया कि अस्पताल पहुंचे सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल सुधार की ओर है। डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों का इलाज कर रही है। उन्होंने कहा कि घटना के कारणों की जांच की जाएगी और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।वहीं, सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार भी अस्पताल में मौजूद रहकर मरीजों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे मामले की निगरानी कर रही है।
समस्तीपुर से संतोष कुमार ठाकुर की रिपोर्ट











