सड़क किनारे बाइक लगाने को लेकर विवाद, मारपीट में दो भाई जख्मी
सहरसा। नवहट्टा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत स्थित ब्लॉक रोड वार्ड नंबर 8 में सड़क किनारे बाइक लगाने को लेकर हुए विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट में दो व्यक्ति जख्मी हो गए।

सहरसा। नवहट्टा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत स्थित ब्लॉक रोड वार्ड नंबर 8 में सड़क किनारे बाइक लगाने को लेकर हुए विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट में दो व्यक्ति जख्मी हो गए। दोनों को इलाज के लिए नवहट्टा प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया।
जख्मी की पहचान नगर पंचायत ब्लॉक रोड वार्ड नंबर 8 निवासी 35 वर्षीय देवेंद्र कुमार जायसवाल और 30 वर्षीय मोहन कुमार के रूप में हुई है। जख्मी देवेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि वह अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दुकान में कुछ काम कर रहे थे। इसी दौरान अभय राजा वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। गाली देने से मना करने पर अभय राजा, रामानंद चौधरी समेत अन्य लोग लाठी-डंडे और रॉड लेकर उनके साथ मारपीट करने लगे।
भाई को मार खाता देखकर मोहन कुमार बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। मारपीट की घटना में दोनों भाई जख्मी हो गए। घटना के बाद दोनों को नवहट्टा प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया। मामले को लेकर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट










