बीएसइबी ने दी अहम जानकारी, इस कार्य के लिए किया तिथि विस्तार
बीएसइबी ने शिक्षण संस्थानों को परीक्षा फॉर्म भरने से पूर्व विद्यार्थियों के डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड में त्रुटि का ऑनलाइन सुधार एवं विद्यार्थी,अभिभावक के हस्ताक्षर से घोषणायुक्त डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड को पोर्टल पर अपलोड करने के संबंध में निर्णय लिया है।

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा शिक्षण संस्थानों को परीक्षा फॉर्म भरने से पूर्व विद्यार्थियों के डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड में त्रुटि का ऑनलाइन सुधार करने एवं विद्यार्थी अथवा उनके अभिभावक के हस्ताक्षर से घोषणायुक्त डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड को समिति के पोर्टल पर अपलोड करने के लिए तिथि 28.08.2026 से 16.09.2026 तक विस्तारित किया गया है।
इस संबंध में गुरुवार को जानकारी देते हुए डॉ० त्यागराजन एस०एम०, अध्यक्ष, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने बताया कि इंटरमीडिएट के लिए डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड वेबसाइट https://intermediate.biharboardonline.com एवं मैट्रिक के लिए https://biharboardonline.org पर जारी करते हुए उसमें सुधार करने एवं हस्ताक्षर उपरांत घोषणापत्र अपलोड करने के लिए पूर्व में तिथि 22.08.2026 तक निर्धारित थी। उक्त तिथि को छात्रहित में दिनांक 16.09.2026 तक विस्तारित किया गया है।
इस प्रकार, शिक्षण संस्थानों के प्रधान दिनांक 16.09.2026 तक हर हाल में विद्यार्थियों के हस्ताक्षर से घोषणयुक्त डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड को समिति के वेबसाइट पर अपलोड करेंगे। साथ ही शिक्षण संस्थान द्वारा जिन विद्यार्थियों का पूर्व में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं शुल्क जमा किया गया है, किंतु prefilled घोषणा पत्र नहीं जमा किया गया है, उनका prefilled घोषणा पत्र भी इसी अवधि में अर्थात 16.09.2026 तक समिति के पोर्टल पर जमा किया जाएगा और उसके बाद ही उनका डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड प्रदर्शित होगा।
अध्यक्ष ने बताया कि दिनांक 16.09.2026 तक जिन विद्यार्थियों का हस्ताक्षरित घोषणयुक्त डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड समिति के पोर्टल पर जमा किया जाएगा, उनका ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भी दिनांक 28.08.2026 से 16.09.2026 तक की अवधि में भरा जाएगा।










