जिला पदाधिकारी ने किया जीविका सुधा बिक्री केंद्र का शुभारंभ, महिला उद्यमिता को मिली नई राह
महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और ग्रामीण स्तर पर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सहरसा जिले में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जीविका सुधा बिक्री केंद्र का शुभारंभ जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने फीता काटकर किया।

सहरसा: महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और ग्रामीण स्तर पर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सहरसा जिले में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जीविका एवं कॉम्फेड के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत स्तर पर जीविका सुधा बिक्री केंद्र की स्थापना की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत दीवारी में मंदिर के सामने स्थित जीविका सुधा बिक्री केंद्र का शुभारंभ जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने केंद्र का निरीक्षण किया तथा उपलब्ध उत्पादों एवं बिक्री व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस प्रकार के केंद्र ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और स्थानीय स्तर पर उनकी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जीविका एवं कॉम्फेड की इस पहल के तहत सहरसा जिले की 122 ग्राम पंचायतों में लॉटरी के माध्यम से लाभुकों का चयन किया गया है। चयनित लाभुकों को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत द्वितीय एवं तृतीय किस्त के रूप में कुल 60 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है, ताकि वे अपने व्यवसाय को व्यवस्थित रूप से संचालित एवं विस्तारित कर सकें।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत दीवारी में जीविका सुधा बिक्री केंद्र के संचालन के लिए जीविका दीदी गुंजन देवी का चयन किया गया है। योजना के तहत उन्हें द्वितीय एवं तृतीय किस्त के रूप में कुल 60 हजार रुपये की सहायता राशि एकमुश्त प्रदान की गई है। इस सहायता से वे केंद्र में कॉम्फेड के दुग्ध उत्पादों सहित अन्य आवश्यक सामग्री की बिक्री कर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाएंगी।गुंजन देवी वर्ष 2014 से जीविका समूह से जुड़ी हैं और पहले से किराना व्यवसाय संचालित कर रही हैं।
जीविका से मिले सहयोग एवं ऋण सुविधा के माध्यम से उन्होंने अपने व्यवसाय का विस्तार किया है। अब जीविका सुधा बिक्री केंद्र उनके उद्यम को नई दिशा देने के साथ-साथ आय के अतिरिक्त अवसर उपलब्ध कराएगा।
कार्यक्रम में जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक श्लोक कुमार, कोम्फेड के गौरव कुमार, जीविका कहरा के प्रखंड परियोजना प्रबंधक विनोद कुमार सहित जीविका के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट










