पटना में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 27 लाख लूटकांड का आरोपी मुठभेड़ में घायल

पटना में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 27 लाख लूटकांड का आरोपी मुठभेड़ में घायल

पटना में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 27 लाख लूटकांड का आरोपी मुठभेड़ में घायल
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: May 27, 2026, 1:07:00 PM

बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन लंगड़ा” के तहत मसौढ़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बुधवार को मसौढ़ी इलाके के चरमा मोड़ के पास हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश की पहचान अजय पासवान उर्फ बादल के रूप में हुई है, जो मनेर थाना क्षेत्र के दरवेशपुर का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अजय पासवान कई संगीन मामलों में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। सूचना के आधार पर पुलिस टीम जब उसे पकड़ने पहुंची, तब अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें अजय के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल, देसी कट्टा और इस्तेमाल की जा रही बाइक जब्त की है। इस कार्रवाई के दौरान अजय यादव नामक एक अन्य अपराधी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि उसके खिलाफ लगभग 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि अजय पासवान गोपालपुर में हुई 27 लाख रुपये की कैश वैन लूट का मुख्य आरोपी था। 13 मई को हुई इस वारदात में हथियारबंद अपराधियों ने CMS कंपनी की कैश वैन को निशाना बनाते हुए बड़ी रकम लूट ली थी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी बाइक के जरिए फरार हो गए थे।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अजय पासवान पर बैंक डकैती, हत्या, रंगदारी और लूट जैसे कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि वह आठ बैंक डकैती की घटनाओं में भी शामिल रहा है। पुलिस काफी समय से उसके गिरोह और नेटवर्क की निगरानी कर रही थी।

इस मामले में पुलिस पहले भी कार्रवाई कर चुकी है। 19 मई को इसी लूटकांड से जुड़े आरोपी नीतीश कुमार को भी पुलिस मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया गया था। उस दौरान पुलिस ने लूट की रकम का हिस्सा, मोबाइल फोन और हथियार बरामद किए थे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों सूरज पांडे, आदित्य कुमार और रवि कुमार से पूछताछ में अहम जानकारी मिली थी। इन्हीं इनपुट्स के आधार पर पुलिस को अजय पासवान और उसके साथियों की लोकेशन मिली। फिलहाल पुलिस पूरे गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।