मांझागढ़ चाकूबाजी मामला: नहीं बच सकी घायल युवक की जान, सिवान में छिपा बैठा मुख्य आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज। मांझागढ़ थाना क्षेत्र के धनखर पुल के समीप बीते दिनों हुई मारपीट और चाकूबाजी की घटना में घायल युवक की मौत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।

गोपालगंज। मांझागढ़ थाना क्षेत्र के धनखर पुल के समीप बीते दिनों हुई मारपीट और चाकूबाजी की घटना में घायल युवक की मौत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी धनखर गांव निवासी उमाशंकर राम का पुत्र रंजन कुमार बताया जाता है, जिसे पुलिस ने सिवान जिले के गोरैयाकोठी थाना क्षेत्र से गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गत 1 अप्रैल को नगर थाना क्षेत्र के हरखुआ गांव निवासी नागेंद्र राम का पुत्र प्रिंस कुमार धनखर पुल के पास मौजूद था। इसी दौरान आरोपियों द्वारा की जा रही गाली-गलौज का विरोध करने पर दबंगों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मांझागढ़ थाना में कांड संख्या 141/26 दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई थी।
घटना के बाद गंभीर रूप से जख्मी प्रिंस कुमार को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज में भर्ती कराया गया था। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया था। हालांकि, इलाज के दौरान प्रिंस ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद यह मामला हत्या कांड में तब्दील हो गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी। मानवीय और तकनीकी सूचनाओं के समन्वय से मुख्य अभियुक्त रंजन कुमार को सिवान जिले के गोरैयाकोठी से धर दबोचा गया। पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, इस आपराधिक कांड में पूर्व में भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। घटना में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट










