नदी किनारे कचरे का अंबार, लोगों की बढ़ी परेशानी, शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं
जहानाबाद नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 24 में नदी किनारे कचरा डंप किए जाने से आसपास के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से यहां कचरे का अंबार लगा हुआ है।

जहानाबाद नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 24 में नदी किनारे कचरा डंप किए जाने से आसपास के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से यहां कचरे का अंबार लगा हुआ है। इससे निकलने वाली दुर्गंध, गंदगी और मच्छरों के प्रकोप से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। खासकर ठाकुरबाड़ी स्थित धार्मिक स्थल के समीप कचरा जमा होने से पूजा-पाठ के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में कई बार संबंधित अधिकारियों और वार्ड पार्षद को लिखित आवेदन देकर कचरा हटाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि न तो नियमित रूप से सफाई कराई जाती है और न ही ब्लीचिंग पाउडर या कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जाता है।
स्थानीय निवासी रजनीश कुमार मिश्रा ने कहा कि एक ओर सरकार नदियों को स्वच्छ रखने के लिए अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर नदी किनारे ही कचरा डंप किया जा रहा है। इससे नदी में गंदगी बढ़ने के साथ उसके अतिक्रमण की स्थिति भी बन रही है। उन्होंने कहा कि समीप ही कर्पूरी भवन है, जहां सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। कचरे के कारण लोगों को वहां आने-जाने में भी परेशानी होती है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कचरे के पास ही पेयजल का नल भी लगा है। गंदगी के कारण पेयजल दूषित होने की आशंका बनी हुई है। लोगों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से स्थल का निरीक्षण कर कचरा हटाने, नियमित सफाई कराने तथा दवा का छिड़काव कराने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बीमारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट










