46 दिव्यांगजनों को मिली मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, सहायक उपकरण पाकर खिले चेहरे
जहानाबाद। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की ओर से महत्वपूर्ण पहल की गई है। समारोह के दौरान जिले के 46 पात्र दिव्यांग लाभार्थियों को निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल की चाबी सौंपी गई।

जहानाबाद। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की ओर से महत्वपूर्ण पहल की गई है। शनिवार को अब्दुल बारी नगर भवन में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, जहानाबाद की ओर से सहायक उपकरण वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार विधान परिषद सदस्य अनिल कुमार, जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह के दौरान जिले के 46 पात्र दिव्यांग लाभार्थियों को निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल की चाबी सौंपी गई। मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलने के बाद लाभार्थियों में खुशी और उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों ने कहा कि यह पहल दिव्यांगजनों को आवागमन में सुविधा देने के साथ-साथ उन्हें स्वावलंबी बनाने में भी मदद करेगी।
इसके अलावा जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण भी वितरित किए गए। दृष्टिबाधित लाभार्थियों को स्मार्टफोन और वॉकिंग स्टिक, जबकि श्रवणबाधित लाभार्थियों को डिजिटल हियरिंग एड उपलब्ध कराया गया।
मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक में कम से कम 40 प्रतिशत चलंत दिव्यांगता होना आवश्यक है। आवेदक की उम्र 18 वर्ष से अधिक तथा परिवार की वार्षिक आय दो लाख रुपये से कम होनी चाहिए। पात्र लाभार्थी समाज कल्याण विभाग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने सभी दिव्यांगजनों से विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी कार्ड) बनवाने की अपील की है, ताकि उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके। सहायक उपकरण की आवश्यकता रखने वाले दिव्यांगजन जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, जहानाबाद के कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं।
कार्यक्रम में बीस सूत्री जिला अध्यक्ष सागर कुमार उर्फ दिलीप कुशवाहा, सांसद प्रतिनिधि धर्मपाल सिंह, अपर समाहर्ता (राजस्व) अनिल कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) विनय कुमार सिंह, अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम) तेज नारायण राय सहित कई जनप्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट










