राजधानी में बडा हादसा, गंगा स्नान करने आयी सात बच्चियां डूबी, चार लापता, तीन को किया गया रेस्क्यू
राजधानी के बाढ़ अनुमंडल से बडी खबर है। यहां गंगा स्नान के दौरान सात बच्चियां डूब गयी। हादसे में तीन बच्चियों के रेस्क्यू किए जाने की खबर है, जबकि चार अब तक लापता बतायी जा रही हैं।

राजधानी के बाढ़ अनुमंडल से बडी खबर है। यहां गंगा स्नान के दौरान सात बच्चियां डूब गयी। हादसे में तीन बच्चियों के रेस्क्यू किए जाने की खबर है, जबकि चार अब तक लापता बतायी जा रही हैं। प्रशासनिक स्तर पर राहत व बचाव कार्य जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार सावन माह में सोमवारी के मौके पर बच्चियां गंगा स्नान करने आयी थी। इसी दौरान हादसा हो गया। हादसे सुबह पांच बजे के करीब का बताया जा रहा है। प्राप्त खबर के अनुसार बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर थाना अंतर्गत रानी सराय गांव के पास गंगा नदी में स्नान करने गई सात बच्चियां डूबने लगी। बच्चियों को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों ने कडी मशक्कत करने के बाद किसी तरह इनको निकालने की पूरी कोशिश की। घटना के बाद मौके पर कोहराम मच गया।
इस क्रम में तीन बच्चियों को किसी तरह नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन चार बच्चियां अबतक लापता बतायी जा रही हैं। सभी बच्चियां रानी सराय गांव की ही बतायी जा रही हैं। हादसे में जो बच्चियां अब तक लापता बतायी जा रही हैं, उनमें कमलेश चंद्रवंशी की पुत्री राधिका, मंटू चंद्रवंशी की पुत्री बबली कुमार और अवधेश चंद्रवंशी की दो पुत्रियां आरती कुमारी और नंदनी कुमारी शामिल हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार गंगा नदी में अवैध खनन किए जाने के कारण हादसे वाले स्थल पर गहरा गड्ढा हो गया था। स्नान करने के लिए गंगा नदी में उतरी बच्चियां गहरे गड्ढे में डूबने लगी। जिसके कारण यह घटना घटी।
इधर गंगा घाट पर हादसे की जानकारी सामने आते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड उमड पडी। सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाने की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान के लिए एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। खबर मिलने तक रेस्क्यू अभियान जारी है।











