लखीसराय भगदड़ में 7 की मौत पर सीएम सम्राट चौधरी बेहद दुखी, मुआवजे का किया ऐलान
बिहार के लखीसराय में प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सोमवार की सुबह भगदड़ मच गई। इस हादसे में अभी तक कम से कम सात लोगों के मरने की खबर है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है।

बिहार के लखीसराय में प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सोमवार की सुबह भगदड़ मच गई। इस हादसे में अभी तक कम से कम सात लोगों के मरने की खबर है। जबकि बड़ी संख्या में घायल बताए जा रहे हैं। मिली खबर के अनुसार सोमवार को अप्रत्याशित भीड़ होने के कारण यह हादसा हुआ। एक दूसरे से आगे कितना निकलने के चक्कर में बैरिकेडिंग टूट गई, जिससे अफरातफरी मच गई। लखीसराय के अशोक धाम हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है।
लखीसराय के अशोक धाम में हुए दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख और संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि हादसे में श्रद्धालुओं की मौत की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है। इस घटना से उनका मन अत्यंत व्यथित है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे में घायल लोगों के समुचित और शीघ्र इलाज को लेकर प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अधिकारियों से घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से हादसे में मृत लोगों की आत्मा को शांति देने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। हादसे में मृतकों के आश्रितों को 4 लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा भी की गई है। सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा है-लखीसराय के अशोकधाम हाल्ट पर हुई हृदयविदारक दुर्घटना में सभी मृतकों के निकटतम आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से ₹4-4 लाख अनुग्रह अनुदान दिया जाएगा। दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदना और प्रतिबद्धता के साथ शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।
वहीं एक अन्य पोस्ट में सीएम सम्राट ने लिखा है-लखीसराय के अशोकधाम की घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
बता दें कि सावन का तीसरा सोमवार होने की वजह से अशोक धाम मंदिर में सोमवार की सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचे हुए थे। इनमें महिलाओं की संख्या ज्यादा थी। बताया जा रहा है कि अप्रत्याशित भीड़ के बीच में ही एक बिजली का पोल टूटने की खबर सामने आई। जिसके बाद से मौके पर भगदड़ मच गई। इस घटना को लेकर लखीसराय के जिलाधिकारी (डीएम) शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारी रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे से ही मौके पर मौजूद थे और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगातार व्यवस्था की जा रही थी।











