युवक की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
जहानाबाद: नगर थाना क्षेत्र के शेख आलमचक मोहल्ले में 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जावेद के रूप में हुई है।

जहानाबाद: नगर थाना क्षेत्र के शेख आलमचक मोहल्ले में 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जावेद के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मोबाइल चोरी के शक में कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
परिजनों के अनुसार, जावेद रविवार दोपहर अचानक घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद देर रात वह मारवाड़ी धर्मशाला के पास एक निजी नर्सिंग होम के समीप कचरे के ढेर में अचेत अवस्था में मिला। परिजनों को लगा कि वह नशे की हालत में है। वे उसे रिक्शे से घर लेकर आए।
घर लाने के करीब एक-दो घंटे बाद भी जब जावेद नहीं उठा तो परिजनों ने उसे गौर से देखा। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर नगर थाने की पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मोबाइल चोरी के आरोप को लेकर विवाद का दावा
मृतक की मां नजमा खातून ने कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि फिदा हुसैन रोड स्थित एक चिकित्सक के यहां काम करने वाले कंपाउंडर और उसके साथ आए कुछ लोगों ने जावेद पर मोबाइल चोरी करने का आरोप लगाया था। आरोप है कि इस दौरान उसे धमकाया गया और उसके साथ मारपीट भी की गई।
परिजनों ने जावेद के मुंह और कान के पास खून के निशान मिलने की बात कहते हुए आशंका जताई है कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इसी आधार पर परिवार के लोग इसे हत्या का मामला बता रहे हैं।
घटनास्थल से लिए गए नमूने
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक जांच टीम को भी बुलाया। टीम ने उस स्थान की जांच की, जहां जावेद अचेत अवस्था में मिला था। इसके अलावा उसके घर समेत अन्य संभावित स्थानों से भी नमूने जुटाए गए हैं। पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
बताया जाता है कि जावेद नशे का आदी था और पूर्व में चोरी के आरोप में जेल भी जा चुका था। पुलिस उसके पुराने रिकॉर्ड के साथ-साथ मौत से पहले की गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही हैह प्रभारी थानाध्यक्ष श्याम पांडेय ने बताया कि परिजनों की ओर से हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम से जांच कराई है और शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम तथा फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किस परिस्थिति में हुई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट











