काउंसलिंग के बीच JCECE Board की वेबसाइट ठप, छात्रों की बढ़ी चिंता

झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECE Board) की ऑनलाइन सेवाएं फिलहाल तकनीकी समस्या के कारण बाधित हो गई हैं। बोर्ड के मुताबिक वेबसाइट का सर्वर डाउन होने से अभ्यर्थियों को विभिन्न ऑनलाइन सुविधाओं का इस्तेमाल करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों से इस तकनीकी व्यवधान को लेकर परेशान नहीं होने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, समस्या को दूर करने के लिए तकनीकी टीम लगातार काम कर रही है और जल्द ही वेबसाइट की ऑनलाइन सेवाएं सामान्य होने की उम्मीद है।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों को विशेष रूप से काउंसलिंग कार्यक्रम से संबंधित सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि तकनीकी समस्या के बीच भी कोई महत्वपूर्ण सूचना या अपडेट अभ्यर्थियों से छूट न जाए। यह जानकारी परीक्षा नियंत्रक के निर्देश पर विशेष कार्य पदाधिकारी की ओर से जारी की गई है।











