अभय तिवारी के ‘गुरु’ का नाम आया सामने, मिथिलेश सिंह की गिरफ्तारी पर सस्पेंस बरकरार

झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच के बीच परीक्षा से जुड़े एक बड़े नेटवर्क को लेकर नए आरोप सामने आए हैं। उपलब्ध दस्तावेजों में ICN India के निदेशक मिथिलेश सिंह का नाम परीक्षा माफिया अभय तिवारी से जुड़े नेटवर्क के संदर्भ में सामने आया है। दस्तावेज में मिथिलेश सिंह को अभय तिवारी का कथित गुरु बताया गया है।
जांच से जुड़े दस्तावेजों के अनुसार, इस नेटवर्क का दायरा झारखंड तक सीमित नहीं होने का दावा किया गया है। इसमें बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब समेत कई अन्य राज्यों तक नेटवर्क के विस्तार की बात कही गई है।
मिथिलेश सिंह की गिरफ्तारी पर स्थिति स्पष्ट नहीं
इस बीच मिथिलेश सिंह को पकड़े जाने की चर्चा भी सामने आई है। सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि चार लोगों की टीम ने उन्हें सादे कपड़ों में पकड़ा है। हालांकि, इस संबंध में CID की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं जांच एजेंसी के अधिकारियों ने मिथिलेश सिंह की गिरफ्तारी से इनकार किया है। ऐसे में फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मिथिलेश सिंह की वर्तमान स्थिति क्या है। आधिकारिक पुष्टि नहीं होने के कारण गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी को लेकर स्थिति असमंजसपूर्ण बनी हुई है।
उपलब्ध दस्तावेजों में मिथिलेश सिंह पर बेहद गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इनमें प्रश्न-पत्र लीक कराने, OMR शीट में कथित हेरफेर करने और पैसे लेकर अभ्यर्थियों को परीक्षा में सफल कराने जैसे आरोप शामिल हैं। दस्तावेज में यह भी दावा किया गया है कि संबंधित नेटवर्क लंबे समय से अलग-अलग राज्यों में आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं को निशाना बनाता रहा है। हालांकि, इन आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।











