उत्पाद कार्यालय के गेट पर कथित अवैध वसूली का वीडियो वायरल, जांच के लिए टीम गठित
मोतिहारी में उत्पाद विभाग के कार्यालय के गेट पर कथित अवैध वसूली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में गिरफ्तार व्यक्ति के परिजन से मुलाकात के नाम पर कथित तौर पर 100 रुपये की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया है।

बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति गिरफ्तार परिजन से मिलने उत्पाद कार्यालय पहुंचा था। इसी दौरान गेट पर तैनात होमगार्ड जवान द्वारा उससे 100 रुपये मांगने का आरोप है। वायरल वीडियो में पैसे लेने के तरीके बताए जाने और कथित तौर पर ऊपर तक हिस्सा जाने की बात कहे जाने का भी दावा किया जा रहा है।
मामला सामने आने के बाद उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त ओम प्रकाश ने जांच के लिए टीम गठित कर दी है। सहायक आयुक्त के कार्यालय भी इसी परिसर में होने के कारण गेट पर कथित वसूली को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि होमगार्ड जवान दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट