नशा मुक्त बिहार अभियान का समर्थन, पंचायत प्रतिनिधियों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव
बिहार प्रदेश त्रिस्तरीय पंचायत एवं ग्राम कचहरी प्रतिनिधि महासंघ ने बिहार सरकार के नशा मुक्त बिहार अभियान-2026 का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर अभियान की सफलता के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं।

पटना : बिहार प्रदेश त्रिस्तरीय पंचायत एवं ग्राम कचहरी प्रतिनिधि महासंघ ने बिहार सरकार के नशा मुक्त बिहार अभियान-2026 का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर अभियान की सफलता के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष मिथिलेश कुमार राय एवं पंच सरपंच संघ बिहार के प्रदेश अध्यक्ष अमोद कुमार निराला ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि नशामुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पंचायत स्तर पर विशेष ग्रामसभा आयोजित कराने का निर्देश दिया जाए।
पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि इस अभियान को सफल बनाने में सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए तैयार हैं
नेताओं ने विशेष रूप से सूखा नशा उन्मूलन के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने और पंचायत प्रतिनिधियों का राज्यस्तरीय महासम्मेलन आयोजित कराने का सुझाव दिया है, ताकि इस गंभीर सामाजिक समस्या के विरुद्ध जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके। महासंघ ने कहा कि नशामुक्त बिहार का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि इस अभियान को सफल बनाने में सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए तैयार हैं।













