महिला से रिश्वत मांगने और आपत्तिजनक बातचीत के आरोप में दारोगा निलंबित, जांच रिपोर्ट देने का निर्देश
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में जमीन विवाद के एक मामले में महिला से रिश्वत लेने और आपत्तिजनक बातचीत करने के आरोप में सुगौली थाने में तैनात एक दारोगा को निलंबित कर दिया गया है।

मोतिहारी : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में जमीन विवाद के एक मामले में महिला से रिश्वत लेने और आपत्तिजनक बातचीत करने के आरोप में सुगौली थाने में तैनात एक दारोगा को निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर दारोगा और महिला के बीच बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने यह कार्रवाई की। निलंबित पुलिस पदाधिकारी की पहचान शैलेश कुमार के रूप में हुई है। मामले की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी रक्सौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को सौंपी गई है और 24 घंटे के भीतर जांच प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुगौली के पर्यवेक्षी पदाधिकारी पुलिस निरीक्षक मुन्ना कुमार से जांच कराई गई - SP
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित ऑडियो रिकॉर्डिंग के अवलोकन से सुगौली थाना के एक पुलिस पदाधिकारी द्वारा जमीन विवाद से संबंधित मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं करने और मामले को रफा-दफा करने के एवज में चार हजार रुपये लेने तथा आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने से संबंधित बातचीत सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुगौली के पर्यवेक्षी पदाधिकारी पुलिस निरीक्षक मुन्ना कुमार से जांच कराई गई।
इस मामले की जांच अवर निरीक्षक शैलेश कुमार कर रहे थे
जांच में पता चला कि सात अक्टूबर को एक महिला ने सुगौली थाने में आवेदन देकर जमीन विवाद के दौरान झोपड़ी में आग लगाने और तोड़फोड़ का आरोप लगाया था। इस मामले की जांच अवर निरीक्षक शैलेश कुमार कर रहे थे। इसी दौरान प्राथमिकी दर्ज नहीं करने और मामले को रफा-दफा करने के एवज में चार हजार रुपए लेने से संबंधित बातचीत हुई थी। वायरल ऑडियो में महिला दारोगा से शिकायत करती सुनाई देती है कि वह उसके पक्ष में काम नहीं कर रहे हैं। इस पर दारोगा कथित तौर पर कहता है, "तुम एक रात आओ, हम तुम्हारे तरफ से हो जाएंगे।
महिला बातचीत के दौरान पहले ही 2 बार में 4 हजार देने की बात भी कहती है
महिला बातचीत के दौरान पहले ही दो बार में चार हजार रुपए देने की बात भी कहती है। इसके अलावा, महिला से 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, प्रथमदृष्टया शैलेश कुमार की संलिप्तता प्रतीत होती है। उनके इस आचरण से आम जनमानस में पुलिस के प्रति अविश्वास और असंतोष की भावना उत्पन्न हुई है। साथ ही, यह विभागीय अनुशासन और नियमों के प्रतिकूल है तथा इससे पुलिस की छवि और गरिमा धूमिल हुई है।
तथ्यों के आधार पर शैलेश कुमार को संदिग्ध आचरण के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है
इन्हीं तथ्यों के आधार पर शैलेश कुमार को संदिग्ध आचरण के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रक्सौल को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। इस मामले में जदयू के प्रखंड अध्यक्ष अरविंद कुशवाहा ने भी जिलाधिकारी को लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और आरोपी पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
सोर्स-आईएएनएस














