10 सूत्री मांगों को लेकर सड़क पर उतरे वाहन चालक, सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
जहानाबाद जिले में 10 सूत्री मांगों को लेकर गाड़ी चालक संघ के बैनर तले मंगलवार को बड़ी संख्या में वाहन चालक सड़क पर उतर आए। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की।

जहानाबाद : जहानाबाद जिले में 10 सूत्री मांगों को लेकर गाड़ी चालक संघ के बैनर तले मंगलवार को बड़ी संख्या में वाहन चालक सड़क पर उतर आए। जिला अध्यक्ष संजय कुमार और संगठन नेता टुनटुन कुमार के नेतृत्व में चालकों ने एनएच-83 स्थित इरकी पेट्रोल पंप के समीप बैनर और पोस्टर के साथ प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की।
दिन-रात सड़क पर मेहनत करने के बावजूद उनके हितों और सुरक्षा को लेकर पर्याप्त व्यवस्था नहीं है - वाहन चालक
प्रदर्शन कर रहे वाहन चालकों का कहना था कि दिन-रात सड़क पर मेहनत करने के बावजूद उनके हितों और सुरक्षा को लेकर पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। सरकार को वेलफेयर ट्रस्ट कमेटी के माध्यम से चालकों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए। इसके साथ ही चालकों के लिए जल्द दुर्घटना बीमा योजना लागू की जाए, ताकि सड़क हादसे में किसी चालक की मौत या गंभीर दुर्घटना होने पर उसके परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
चालकों ने यह भी मांग उठाई कि सड़क दुर्घटना में किसी चालक की जान जाने पर उसके आश्रितों को उचित मुआवजा दिया जाए
चालकों ने यह भी मांग उठाई कि सड़क दुर्घटना में किसी चालक की जान जाने पर उसके आश्रितों को उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही उनके बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के लिए सरकार की ओर से बेहतर व्यवस्था की जाए, जिससे आर्थिक तंगी के कारण उनका भविष्य प्रभावित नहीं हो। इस दौरान हजारों की संख्या में वाहन चालकों ने इरकी से अरवल मोड़ होते हुए कन्नौदी चौक तक प्रदर्शन मार्च निकाला। चालकों ने एकजुटता दिखाते हुए अपनी 10 सूत्री मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
मांगों को लेकर मंगलवार को जिले के तीन प्रखंडों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे - संघ
संघ के नेताओं ने बताया कि मांगों को लेकर मंगलवार को जिले के तीन प्रखंडों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, बुधवार को भी तीन अन्य प्रखंडों में अभियान चलाकर प्रदर्शन किया जाएगा। संघ ने सरकार से वाहन चालकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए दस सूत्री मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट














