DM ने कहा- गौशाला बनेगी नंबर-1, दूध उत्पादन बढ़ाकर रोजगार के अवसर भी होंगे विकसित
जहानाबाद शहर स्थित श्री कृष्ण गौशाला में मंगलवार को गोपाष्टमी महोत्सव 2026 सह गौ प्रतिष्ठा सम्मान समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गोभक्त, गौसेवक और स्थानीय लोग शामिल हुए।

जहानाबाद : जहानाबाद शहर स्थित श्री कृष्ण गौशाला में मंगलवार को गोपाष्टमी महोत्सव 2026 सह गौ प्रतिष्ठा सम्मान समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गोभक्त, गौसेवक और स्थानीय लोग शामिल हुए। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया और विधायक राहुल शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया। इसके बाद अतिथियों ने गौ माता की पूजा-अर्चना की और उन्हें गुड़ खिलाकर गौसेवा का संदेश दिया।
जहानाबाद की गौशाला को जिले की नंबर वन गौशाला बनाने का लक्ष्य होना चाहिए - जिलाधिकारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने कहा कि जहानाबाद की गौशाला को जिले की नंबर वन गौशाला बनाने का लक्ष्य होना चाहिए। इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। गौशाला में उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ जरूरी बुनियादी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना भी प्राथमिकता होनी चाहिए।
विधायक राहुल शर्मा ने गौशाला को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया
वहीं, विधायक राहुल शर्मा ने गौशाला को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गौशाला में दूध देने वाली गायों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। इससे दूध का उत्पादन बढ़ेगा और उसकी बिक्री से गौशाला को नियमित आमदनी होगी। इस राशि का इस्तेमाल गायों के चारे, देखभाल और अन्य जरूरी सुविधाओं पर किया जा सकता है। उन्होंने इसके लिए एक टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से काम करने का सुझाव दिया।
जल्द गठित होगी टीम, जमीनी स्तर पर होगा काम - SDO राजीव रंजन
एसडीओ राजीव रंजन ने कहा कि गौशाला के विकास के लिए जल्द ही टीम गठित की जाएगी। टीम जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का आकलन कर आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम करेगी। उन्होंने कहा कि गौशाला को बेहतर बनाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। समारोह के दौरान गौसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले गौसेवकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन गौवंश की रक्षा, सेवा और गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट














