संदिग्ध अवस्था में युवक की मौत, हत्या या हादसा? उलझी पुलिस!
गोपालगंज: कटेया थाना क्षेत्र के भोपतपुर बगही गांव के समीप भोरे-पंचदेवरी मुख्य मार्ग पर सोमवार को मोटरसाइकिल दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद भतीजा घायल हो गया। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

गोपालगंज: कटेया थाना क्षेत्र के भोपतपुर बगही गांव के समीप भोरे-पंचदेवरी मुख्य मार्ग पर सोमवार को मोटरसाइकिल दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद भतीजा घायल हो गया। मृतक की पहचान भोरे थाना क्षेत्र के बखरिया गांव निवासी महेश यादव के 32 वर्षीय पुत्र विजय यादव के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान विजय यादव के भतीजे हर्ष यादव के रूप में बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय यादव अपने भतीजे हर्ष यादव के साथ पंचदेवरी की ओर से अपने गांव बखरिया लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से रेसर बाइक पर सवार दो युवक आ रहे थे। भोपतपुर गांव के समीप दोनों मोटरसाइकिलों के बीच दुर्घटना हो गई। हादसे में विजय यादव की मौत हो गई, जबकि हर्ष यादव घायल हो गया।
दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवकों की पहचान शुभम तिवारी, ग्राम एकड़वा, थाना गोपालगंज तथा रौनक चौबे, ग्राम भोपतपुर, थाना कुचायकोट के रूप में बताई जा रही है। दोनों युवकों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही कटेया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया। घायल हर्ष यादव को इलाज के लिए भोरे रेफरल अस्पताल भेजा गया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों के पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर लोगों की भारी भीड़ भी जुट गई।
बताया जाता है कि विजय यादव अपने परिवार के कमाऊ सदस्यों में से एक था और कुछ दिन पूर्व ही मुंबई से घर आया था। वह किसी काम से पंचदेवरी गया था और वहां से वापस अपने गांव लौट रहा था।
इधर, घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने पीछे से आ रही बाइक पर सवार युवकों पर धारदार हथियार से वार करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि मृतक की मोटरसाइकिल पर किसी प्रकार की बड़ी क्षति या टक्कर के निशान नहीं हैं। उनका दावा है कि यदि दोनों मोटरसाइकिलों के बीच टक्कर हुई होती तो दूसरी मोटरसाइकिल को भी नुकसान पहुंचता।
हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक धारदार हथियार से वार किए जाने की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ कर घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
इस संबंध में कटेया थाने के पुलिस इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट











