सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी पड़ा भारी, आरोपी गया जेल
जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोशल मीडिया पर एक धर्म विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

गोपालगंज : जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोशल मीडिया पर एक धर्म विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि गोपालगंज पुलिस के सोशल मीडिया सेल की लगातार निगरानी और सर्विलांसिंग के दौरान यह मामला सामने आया था।
फेसबुक पर शेयर किया गया था आपत्तिजनक पोस्ट
पुलिस के मुताबिक, चार नवंबर 2026 को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान फेसबुक पर 'उमंग त्रिवेदी बिहार' नामक अकाउंट से एक धर्म विशेष के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी साझा किए जाने का मामला प्रकाश में आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोशल मीडिया सेल ने तुरंत प्रारंभिक जांच की और बैकुंठपुर थाना अध्यक्ष अंकित कुमार को आवश्यक कार्रवाई के लिए मामले से अवगत कराया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबोचा
सूचना मिलने के बाद बैकुंठपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी अनुसंधान शुरू किया गया। मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने फेसबुक अकाउंट संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी उमंग कुमार तिवारी को थाना इलाके क़े सफियाबाद से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की अपील
गोपालगंज पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल जिम्मेदारी और संयम के साथ करें। किसी भी धर्म, समुदाय या धार्मिक आस्था के खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणी करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री शेयर करने से बचें। पुलिस की सोशल मीडिया गतिविधियों पर पैनी नजर है और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट














