गोपालगंज SP की फर्जी इंस्टा आईडी का खुलासा: यूपी से गिरफ्तार हुआ जालसाज, जानिए क्या था मकसद
गोपालगंज पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के नाम और तस्वीर का दुरुपयोग कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट चलाने वाले गिरोह के खिलाफ साइबर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।

गोपालगंज पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के नाम और तस्वीर का दुरुपयोग कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट चलाने वाले गिरोह के खिलाफ साइबर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
निगरानी के दौरान पकड़ में आया फर्जी अकाउंट
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान साइबर सेल को सूचना मिली कि एसपी गोपालगंज के नाम और आधिकारिक फोटो का इस्तेमाल कर एक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी संचालित की जा रही है। इस अकाउंट के ज़रिए लोगों से धोखाधड़ी का प्रयास भी किया जा रहा था।
साइबर डीएसपी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर तकनीकी जांच शुरू की गई। जांच के क्रम में सोनू कश्यप 9328 नाम से संचालित इस प्रोफाइल के खिलाफ पुख्ता तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए, जिससे फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई। इसके बाद साइबर थाना में कांड संख्या-122/26 (दिनांक 10-09-2026) दर्ज कर अनुसंधान तेज किया गया।
गाजीपुर से पकड़ा गया आरोपी
तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर साइबर पुलिस ने आरोपी की पहचान की। यूपी क़े गाजीपुर जिले के शादियाबाद थाना क़े कस्बा कोइरी गांव निवासी हरिश्चंद्र कश्यप के पुत्र सोनू कश्यप क़े रूप में हुई है। पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की अपील: फर्जी खातों की तुरंत दें सूचना
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर किसी अन्य व्यक्ति की पहचान, फोटो या विवरण का दुरुपयोग कर फर्जीवाड़ा करने वालों पर लगातार डिजिटल निगरानी रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी संदिग्ध या फर्जी ऑनलाइन अकाउंट नजर आए, तो उसकी जानकारी तुरंत नजदीकी साइबर थाने या स्थानीय पुलिस को दें।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट













