फरियादियों के लिए बने शेड में खड़ी हो रही पुलिसकर्मियों की बाइक, थाना परिसर में इधर-उधर भटकते आगंतुक
आरा/कोईलवर: थाना परिसर में आगंतुकों और फरियादियों के बैठने के लिए बनाये गये शेड में पुलिस अधिकारियों और जवानों की बाइक खड़ी किये जाने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

आरा/कोईलवर: थाना परिसर में आगंतुकों और फरियादियों के बैठने के लिए बनाये गये शेड में पुलिस अधिकारियों और जवानों की बाइक खड़ी किये जाने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अपनी शिकायत और फरियाद लेकर थाना पहुंचने वाले लोगों को बैठने के लिए जगह नहीं मिलती है. इसके कारण कई बार फरियादी थाना परिसर में इधर-उधर खड़े या घूमते नजर आते हैं.
जानकारी के अनुसार, कोईलवर थाना परिसर में तत्कालीन थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र के कार्यकाल में प्रखंड प्रमुख मनोज कुमार सिंह की ओर से आगंतुकों के बैठने के लिए शेड का निर्माण कराया गया था. इसका उद्देश्य थाना पहुंचने वाले फरियादियों को धूप और बारिश से राहत देने के साथ बैठने की सुविधा उपलब्ध कराना था. लेकिन वर्तमान में इस शेड का इस्तेमाल पुलिस अधिकारियों और जवानों की बाइक खड़ी करने के लिए किया जा रहा है.
थाना पहुंचने वाले लोगों का कहना है कि शेड में बाइक खड़ी करने को लेकर संतरी ड्यूटी में तैनात जवान से जानकारी लेने पर बताया जाता है कि उक्त स्थान थाना स्टाफ की गाड़ियां रखने के लिए है. ऐसे में अपनी शिकायत लेकर आने वाले लोगों के लिए बैठने की जगह नहीं बचती है. खासकर बुजुर्ग, महिलाएं और दूर-दराज से आने वाले फरियादियों को इससे अधिक परेशानी होती है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि आम लोगों की सुविधा के लिए बनाये गये शेड का इस्तेमाल उसी उद्देश्य से होना चाहिए. थाना परिसर में पुलिसकर्मियों की बाइक खड़ी करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा सकती है. फरियादियों ने वरीय पुलिस अधिकारियों से मामले में संज्ञान लेते हुए आगंतुकों के लिए बनाये गये शेड को बाइक पार्किंग से मुक्त कराने और वहां बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है.
आरा से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट













