गोपालगंज: दीपक ज्वेलर्स लूट कांड में बड़ी कार्रवाई, STF-पुलिस ने एक विधि-विरुद्ध बालक को किया निरुद्ध
गोपालगंज जिले के जगतौली ओपी अंतर्गत लाला छापर बाजार स्थित 'दीपक ज्वेलर्स' में हुई बहुचर्चित हथियारबंद लूट की घटना में पुलिस को एक और सफलता मिली है। विशेष टीम ने एसटीएफ के सहयोग से घटना में शामिल एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है।

गोपालगंज जिले के जगतौली ओपी अंतर्गत लाला छापर बाजार स्थित 'दीपक ज्वेलर्स' में हुई बहुचर्चित हथियारबंद लूट की घटना में पुलिस को एक और सफलता मिली है। मामले का खुलासा करते हुए विशेष टीम ने एसटीएफ के सहयोग से घटना में शामिल एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गत 24 जून 2026 को लाला छापर बाजार स्थित दीपक ज्वेलर्स में हथियारबंद अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस संबंध में भोरे थाना (जगतौली ओपी) में कांड संख्या 223/26 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर एसडीपीओ हथुआ के नेतृत्व में भोरे थाना और जगतौली ओपी पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई थी।
पूर्व में 7 अभियुक्त भेजे जा चुके हैं जेल
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते इस मामले में संलिप्त 7 अभियुक्तों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
सिवान के धनौती से हुई कार्रवाई
तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए जगतौली ओपी थानाध्यक्ष अलोक कुमार एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सिवान जिले के धनौती थाना परिसर के समीप से उक्त विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
विधिसम्मत पूछताछ के दौरान निरुद्ध बालक ने स्वीकार किया कि उसने सुमित कुमार और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर दीपक ज्वेलर्स में लूट की पूरी साजिश रची थी। घटना से पहले रेकी करने, हथियार-कारतूस का इंतजाम करने तथा लूट के बाद सोना-चांदी व नकदी लेकर फरार होने का पूरा प्लान तैयार किया गया था। उसने बताया कि 24 जून को घटना को अंजाम देकर भागते समय उन्हें स्थानीय ग्रामीणों के भारी विरोध का भी सामना करना पड़ा था।
फिलहाल पुलिस ने निरुद्ध बालक के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, घटना में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट













