गड़खा में भीषण सड़क हादसा, 4 लोगों की मौत, 3 गंभीर घायल
बिहार के सारण जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां गड़खा थाना क्षेत्र के भैंसमारा गांव के समीप देर रात भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

सारण : बिहार के सारण जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां गड़खा थाना क्षेत्र के भैंसमारा गांव के समीप देर रात भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से सवारियों से भरा टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
घायलों को भैंसमारा स्थित श्रीनिवास अस्पताल में भर्ती कराया गया है
इसी दौरान 112 पुलिस की गाड़ी वहां से गुजर रही थी। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसआई अंकित कुमार सिंह ने तत्परता दिखाई और घायलों के साथ बच्चों को भी तत्काल अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी इस त्वरित कार्रवाई से घायलों को समय पर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने में मदद मिली। बताया जा रहा है कि घायलों को भैंसमारा स्थित श्रीनिवास अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे में 4 लोगों की मौत की खबर से इलाके में शोक का माहौल है
वहीं, हादसे में चार लोगों की मौत की खबर से इलाके में शोक का माहौल है। इस हादसे के बाद एसआई अंकित कुमार सिंह द्वारा 112 पुलिस वाहन से घायलों और बच्चों को अस्पताल पहुंचाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उनकी तत्परता की चर्चा भी हो रही है। फिलहाल, मृतकों की पहचान और दुर्घटना के विस्तृत कारणों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।













