बीजेपी और कांग्रेस को गढ़ में मिली करारी हार, राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष का ढह गया किला
बिहार की 8 और कर्नाटक विधान परिषद चुनाव की 4 सीटों के रिजल्ट आ चुके हैं। इस एमएलसी चुनाव में सबसे दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस हो या बीजेपी, दोनों पार्टियों के प्रदेश और राष्ट्रीय अध्यक्ष का गढ़ भी ढह गया है।

बिहार की 8 और कर्नाटक विधान परिषद चुनाव की 4 सीटों के रिजल्ट आ चुके हैं। इन दोनों राज्यों में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला है। कर्नाटक में विधान परिषद की दो शिक्षक सीट और दो स्नातक सीटों के चुनाव में कांग्रेस एक सीट नहीं जीत सकी। वहीं बिहार में कांग्रेस को अपनी सीट से भी हाथ धोना पड़ा है। दरभंगा शिक्षक सीट से जन सुराज के सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा को हरा दिया है। इस एमएलसी चुनाव में सबसे दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस हो या बीजेपी, दोनों पार्टियों के प्रदेश और राष्ट्रीय अध्यक्ष का गढ़ भी ढह गया है।
मल्लिकार्जुन खरगे के गृह क्षेत्र में भी हार
दरअसल कर्नाटक में विधान परिषद की चार सीटों पर हुए चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। भाजपा ने अपनी तीन सीटें बरकरार रखीं, जबकि जेडीएस ने बंगलूरू शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र कांग्रेस से छीन लिया। बीजेपी ने अपने सहयोगी जेडी-एस के साथ मिलकर एक बार फिर कांग्रेस को पटखनी दे दी। कलबुर्गी की उत्तर-पूर्व शिक्षक सीट भी कांग्रेस हार गई, जो कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का इलाका माना जाता है। इस सीट से बीजेपी के शशील जी. नमोशी ने कांग्रेस कैंडिडेट शरणप्पा मत्तूर को हरा दिया। डीके शिवकुमार के सीएम बनने के बाद यह पहला चुनाव था, जिसमें कांग्रेस को मल्लिकार्जुन खरगे के गृह क्षेत्र में भी हार का सामना करना पड़ा।
कलबुर्गी (उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र) एमएलसी सीट पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार शशिल जी. नमोशी (Shashil G. Namoshi) ने कांग्रेस उम्मीदवार शरणप्पा मत्तूर को हराया। नामोशी को 15,596 वोट मिले, जबकि मत्तूर को 12,299 वोट हासिल हुए। जीत का अंतर 3,297 वोट रहा। इस सीट पर बीजेपी उम्मीवार नमोशी की पांचवीं जीत थी। इस सीट के अंतर्गत कलबुर्गी आता है, जो कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का गृह क्षेत्र है। यह निर्वाचन क्षेत्र कलबुर्गी और कल्याण कर्नाटक क्षेत्र के आसपास के जिलों को कवर करता है। ऐसे में कांग्रेस के लिए यह एक बड़ा झटका है।
बिहार BJP चीफ के गढ़ में जन सुराज की जीत
दरभंगा शिक्षक सीट पर जन सुराज के डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा को को 1,111 वोटों से हराया। वहीं NDA कैंडिडेट को बुरी तरह हार मिली है। यहां एनडीए समर्थित उम्मीदवार जदयू से घनश्याम राय थे। जिन्हें बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा है। वह चौथे नंबर पर रहे। यह जीत प्रशांत किशोर की पार्टी 'जन सुराज' की पहली बड़ी चुनावी जीत है। जबकि यह क्षेत्र बिहार भाजपा के कद्दावर नेताओं और प्रदेश नेतृत्व के प्रभाव क्षेत्र के रूप में भी चर्चा में रहा है।
दरभंगा बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी का गृह क्षेत्र है। यह सीट इसलिए भी अहम है, क्योंकि दरभंगा को भाजपा के मजबूत राजनीतिक प्रभाव वाला इलाका माना जाता है। यहां से भाजपा के सांसद गोपालजी ठाकुर भी आते हैं। जन सुराज ने बांकीपुर में जीत के बाद दरभंगा शिक्षक सीट पर भी सफलता हासिल की है। इन दोनों नतीजों को पार्टी अपने विस्तार के संकेत के तौर पर देख सकती है। संजय सरावगी यहां से विधायक हैं और बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। भाजपा सांसद गोपालजी ठाकुर का भी इस क्षेत्र में प्रभाव है। ऐसे माहौल में एनडीए के कैंडिडेट का चौथे नंबर पर रहना बीजेपी के लिए बड़ा झटका है।













