खरकई नदी की सफाई के लिए 'आस्था से स्वच्छता' अभियान के तहत किया गया श्रमदान
सरायकेला के आदित्यपुर में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर आस्था और स्वच्छता को एक सूत्र में पिरोते हुए आदित्यपुर में खरकई नदी की सफाई के लिए 'आस्था से स्वच्छता' अभियान के तहत श्रमदान किया गया।

सरायकेला : सरायकेला के आदित्यपुर में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर आस्था और स्वच्छता को एक सूत्र में पिरोते हुए आदित्यपुर में खरकई नदी की सफाई के लिए 'आस्था से स्वच्छता' अभियान के तहत श्रमदान किया गया। इस अभियान के साथ ही नगर निगम क्षेत्र में छठ घाटों की साफ-सफाई की शुरुआत भी की गई।
अभियान में नगर आयुक्त, आदित्यपुर के मेयर, डिप्टी मेयर समेत क्षेत्र के कई युवा शामिल हुए
इस अभियान में नगर आयुक्त एहताज अनवर, आदित्यपुर के मेयर संजय सरदार, डिप्टी मेयर अंकुर सिंह समेत क्षेत्र के कई युवा शामिल हुए। सभी ने नदी और घाटों को स्वच्छ रखने और धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। नगर निगम क्षेत्र में कुल 27 प्रमुख छठ घाट हैं। इन सभी घाटों की सफाई छठ महापर्व से दो दिन पूर्व तक पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
नगर निगम प्रशासन ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है
आपको बता दें कि इसके लिए नगर निगम प्रशासन ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और अर्घ्य देने के दौरान स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण मिल सके। वहीं आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने कहा कि हम लोग का एक प्रयास है कि छठ के पहले तक सभी घाटों को दुरुस्त कर लेना। मैं लोगों से अपील करता हूं कि नदी में कचरा ना फेंके।
जमशेदपुर से लाला जबीन की रिपोर्ट













