डीएसपी का जल्द होगा अपने भवन में कार्यालय, डीआईजी ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश
आरा। शाहाबाद रेंज के डीआईजी सत्य प्रकाश ने सोमवार को कोईलवर स्थित सदर पुलिस अनुमंडल कार्यालय-2 का निरीक्षण किया. इस दौरान भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित भी मौजूद रहे.

आरा। शाहाबाद रेंज के डीआईजी सत्य प्रकाश ने सोमवार को कोईलवर स्थित सदर पुलिस अनुमंडल कार्यालय-2 का निरीक्षण किया. इस दौरान भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित भी मौजूद रहे. निरीक्षण के क्रम में डीआईजी ने अनुमंडल क्षेत्र के सभी आठ थानों में लंबित कांडों की समीक्षा की और उनके त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया. उन्होंने अनुसंधान में तेजी लाने के साथ मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
इस दौरान डीआईजी सत्य प्रकाश ने पत्रकारों को बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सदर पुलिस अनुमंडल-2 कार्यालय का निरीक्षण किया गया. इस दौरान विभिन्न थानों में लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा की गयी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. उन्होंने बताया कि सदर अनुमंडल-2 कार्यालय के लिए सरकारी भवन निर्माण की दिशा में पहल की जा रही है. इसके लिए जमीन चिह्नित करने का निर्देश दिया गया है. उम्मीद है कि जमीन का चयन होने के बाद एक साल के अंदर कार्यालय को सरकारी भवन में संचालित करने का प्रयास पूरा कर लिया जायेगा. फिलहाल यह कार्यालय किराये के भवन में चल रहा है.
मनभावन मोड़ पर जल्द शुरू होगा यातायात थाना
वहीं, कोईलवर के मनभावन मोड़ पर लगने वाले जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी ने एसपी, एसडीपीओ और संबंधित थानाध्यक्षों के साथ समीक्षा की. उन्होंने जाम से निजात दिलाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर जल्द लागू करने का निर्देश दिया. साथ ही बताया कि मनभावन मोड़ पर जल्द ही यातायात थाना शुरू किया जायेगा. इससे इलाके में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या पर नियंत्रण में मदद मिलने की उम्मीद है.
दीपावली और छठ को लेकर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा
आगामी दीपावली और छठ महापर्व को लेकर भी डीआईजी ने पुलिस की तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए आवश्यक निर्देश दिये. डीआईजी ने कहा कि छठ पूजा के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को जाम की समस्या से नहीं जूझना पड़े, इसके लिए आसपास के जिलों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाये. निरीक्षण के दौरान सदर पुलिस अनुमंडल-2 के सभी आठ थानों के थानाध्यक्ष और कोईलवर अंचल निरीक्षक भी मौजूद रहे'
आरा से दीपक की रिपोर्ट











