एसआईआर के विरोध में इंडिया गठबंधन का हल्ला बोल, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
जामताड़ा अनुमंडल कार्यालय के समक्ष सोमवार को एसआईआर के विरोध में इंडिया गठबंधन के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस धरने में केंद्र की मोदी सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

जामताड़ा अनुमंडल कार्यालय के समक्ष सोमवार को एसआईआर के विरोध में इंडिया गठबंधन के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। वोट बचाओ, नागरिकता बचाओ, देश बचाओ के नारों के साथ आयोजित इस धरने में केंद्र की मोदी सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता सीपीआईएम के प्रभारी जिला सचिव संजय कुमार मेहता ने की। कार्यक्रम में राजद जिलाध्यक्ष दिनेश यादव, प्रधान महासचिव अशोक चौधरी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अर्चना यादव, कांग्रेस नेता नंदकिशोर सिंह, सीपीआईएम राज्य सचिव सुरजीत सिन्हा, चंडी दास पुरी, भाकपा माले जिला सचिव सुनील राणा, नेता जयप्रकाश मंडल समेत इंडिया गठबंधन के कई नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।
धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पर सवाल उठाए। नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर बड़ी संख्या में सही मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं, जिससे वे अपने लोकतांत्रिक अधिकार मतदान से वंचित हो रहे हैं।
वक्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निष्पक्षता के बजाय भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। नेताओं ने कहा कि एसआईआर के कारण देशभर में करीब 13 करोड़ लोगों के मताधिकार और नागरिकता से जुड़े अधिकार प्रभावित हुए हैं।
इंडिया गठबंधन के नेताओं ने मांग की कि जिन मतदाताओं के नाम सूची से काटे गए हैं, उनके नाम तत्काल दोबारा जोड़े जाएं। साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट











