गोपालगंज में स्पीडी ट्रायल का असर: आर्म्स एक्ट मामले में अभियुक्त मुकुल को 3 साल की सजा, जुर्माना भी...
गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ पकड़े गए बदमाश मुकुल यादव को न्यायालय (ACJM-01) ने दोषी करार देते हुए सजा सुनाई है। पुलिस की मजबूत पैरवी और स्पीडी ट्रायल के चलते इस मामले में कम समय के भीतर फैसला आया है।

गोपालगंज जिले में न्याय प्रक्रिया को तेज करते हुए पुलिस और प्रशासन ने एक बार फिर अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का संदेश दिया है। उचकागांव थाना क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ पकड़े गए बदमाश मुकुल यादव को न्यायालय (ACJM-01) ने दोषी करार देते हुए सजा सुनाई है। पुलिस की मजबूत पैरवी और स्पीडी ट्रायल के चलते इस मामले में कम समय के भीतर फैसला आया है।
क्या था पूरा मामला?
घटना 29 मार्च 2024 की है, जब गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना अंतर्गत राजापुर तीनमुहानी के पास पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ बदमाश किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तुरंत छापेमारी की और एक संदिग्ध को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी लोडेड पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पकड़े गए आरोपी की पहचान स्थानीय थाने के भगवान टोला निवासी हरेराम यादव के पुत्र मुकुल यादव के रूप में हुई। पुलिस ने इस संबंध में उचकागांव थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैज्ञानिक अनुसंधान पूरा किया और समय पर माननीय न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की।
न्यायालय का फैसला
इसी मामले में आज माननीय न्यायालय ACJM-01, गोपालगंज ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद अभियुक्त मुकुल यादव को आर्म्स एक्ट के तहत दोषी पाते हुये 3 साल श्रम कारावास और 8 हजार रूपया अर्थ दंड की सजा सुनाई. साथ ही कोर्ट ने जुर्माना राशि अदा न करने की स्थिति में 2 महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतने को कहा.
पुलिस और अभियोजन पक्ष की प्रभावी भूमिका
इस त्वरित और न्यायसंगत फैसले के पीछे गोपालगंज पुलिस का उत्कृष्ट अनुसंधान और समय पर साक्ष्यों का संकलन मुख्य कारण रहा। इसके साथ ही, स्पीडी ट्रायल के तहत अभियोजन पक्ष की ओर से अनुमंडल अभियोजन पदाधिकारी आनंद शंकर शर्मा की प्रभावी पैरवी बेहद महत्वपूर्ण रही, जिसके परिणामस्वरूप अपराधी को कम समय में सजा दिलाई जा सकी। यह फैसला उन असामाजिक तत्वों के लिए एक कड़ा संदेश है जो कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश करते हैं। गोपालगंज पुलिस की इस मुस्तैदी से आम जनता में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट











