गंगा स्नान कर लौट रही महिलाओं का ऑटो खड़े ट्रक से टकराया, एक की मौत, 10 घायल
आरा-छपरा फोरलेन पर जमालपुर ग्रामीण बैंक के समीप मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दस लोग घायल हो गये। सभी महिलाएं डोरीगंज घाट से गंगा स्नान कर ऑटो से अपने गांव लौट रही थीं।

आरा/कोईलवर। आरा-छपरा फोरलेन पर जमालपुर ग्रामीण बैंक के समीप मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दस लोग घायल हो गये। सभी महिलाएं डोरीगंज घाट से गंगा स्नान कर ऑटो से अपने गांव लौट रही थीं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
मृतका की पहचान चांदी थाना क्षेत्र के बहियारा गांव निवासी राम भगवान चौधरी की 45 वर्षीय पत्नी कौशल्या देवी उर्फ बुजान देवी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, जमालपुर ग्रामीण बैंक के समीप सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में ऑटो चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कौशल्या देवी ऑटो से सड़क पर गिर गईं और ऑटो उनके ऊपर पलट गया। ऑटो के नीचे दबने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे में देवलक्षण देवी (56), रेखा देवी (55), मालती देवी (57), सुकनी देवी (56), प्रभा देवी (50), प्रभावती देवी (60), कांति देवी (45), सुशीला देवी (45), चिंता कुंवर (50) और तीन वर्षीय मानशी घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पहले निजी क्लीनिक में प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोईलवर भेजा गया।
घटना की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद कोईलवर थानाध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हालांकि, पोस्टमार्टम के लिए ले जाए जा रहे शव को परिजनों ने झलकुनगर के समीप रोक लिया। इसके बाद बहियारा गांव के पास कोईलवर-चांदी सड़क पर शव रखकर जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे।
सूचना पर चांदी और कोईलवर थाने की पुलिस पहुंची। काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद जाम समाप्त कराया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल आरा भेजा गया। मृतका के तीन बेटे और दो बेटियां हैं। सभी की शादी हो चुकी है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
आरा से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट














