गोपालगंज सदर SDM और इंजीनियर पति के ठिकानों पर रेड, बिहार में SVU का बड़ा एक्शन
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। आय से अधिक संपत्ति मामले में गोपालगंज सदर की SDM कुमारी प्रेरणा कुमार और उनके पति रितेश कुमार के ठिकानों पर रेड मारा है।

गोपालगंज: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। आय से अधिक संपत्ति (DA Case) अर्जित करने के गंभीर आरोप में गोपालगंज सदर की अनुमंडलाधिकारी कुमारी प्रेरणा कुमार और उनके पति रितेश कुमार के खिलाफ विजिलेंस ने शिकंजा कस दिया है। रितेश कुमार पथ निर्माण विभाग में कार्यपालक अभियंता (एग्जीक्यूटिव इंजीनियर) के पद पर तैनात हैं।
तीन जिलों के 6 से अधिक ठिकानों पर एक साथ दबिश
विशेष निगरानी इकाई की अलग-अलग टीमों ने गोपालगंज, पटना और रोहतास स्थित दंपती के छह से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है। शुरुआती जांच में दंपती के पास उनकी ज्ञात आय से करीब 100 प्रतिशत से अधिक संपत्ति होने के पुख्ता साक्ष्य मिले हैं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है।
SDM के सरकारी आवास और दफ्तर में भी खंगाले जा रहे दस्तावेज
गोपालगंज में विजिलेंस की टीम ने SDM के सरकारी आवास के साथ-साथ उनके कार्यालय में भी दबिश दी है। छापेमारी के दौरान किसी भी तरह के व्यवधान को रोकने और सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका को खत्म करने के लिए कार्यालय परिसर में भारी पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
जमीन के कागजात और बैंक खातों की हो रही पड़ताल
तीनों जिलों में चल रही इस मैराथन छापेमारी में अधिकारी जमीन-जायदाद के निवेश, फ्लैट, लग्जरी गाड़ियों, नकदी, आभूषण और बैंक खातों से जुड़े अहम दस्तावेज खंगाल रहे हैं। अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि अवैध कमाई को किन-किन माध्यमों से निवेश किया गया है। इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई के बाद गोपालगंज से लेकर पटना तक प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट














