थाने में केस दर्ज नहीं होने पर डीआईजी कार्यालय पहुंचे पीड़ित, न्याय की लगाई गुहार
सहरसा जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय इस्लामपुर में आठवीं कक्षा के छात्र और उसके पिता के साथ कथित मारपीट एवं जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का मामला अब डीआईजी कार्यालय तक पहुंच गया है।

सहरसा जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय इस्लामपुर में आठवीं कक्षा के छात्र और उसके पिता के साथ कथित मारपीट एवं जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। थाना स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज पीड़ित नंदलाल पासवान दर्जनों ग्रामीणों के साथ सहरसा स्थित डीआईजी कार्यालय पहुंचे और लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई।
आवेदन के अनुसार, 20 नवंबर को छात्र देवराज कुमार के साथ प्रधानाध्यापिका नम्रता आनंद द्वारा कथित मारपीट की गई। वहीं, घटना की जानकारी लेने विद्यालय पहुंचे उसके पिता के साथ भी सहायक शिक्षक रमण सिंह पर मारपीट और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित का आरोप है कि नवहट्टा थाने में शिकायत देने के बावजूद अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। ग्रामीणों ने डीआईजी से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट














