अब बच्चे और बुजुर्गों की सुरक्षा करेगा JioShield, बताएगा लोकेशन और भेजेगा अलर्ट, Free वाउचर...
बच्चे घर से बाहर हों या बुजुर्ग अकेले निकले हों, अब टेंशन लेने की कोई बात नहीं है। रिलायंस जियो ने JioShield (जियोशील्ड) लॉन्च किया है, जो एक फैमिली सेफ्टी (परिवार की सुरक्षा) सब्सक्रिप्शन सर्विस है।

बच्चे घर से बाहर हों या बुजुर्ग अकेले निकले हों, अब टेंशन लेने की कोई बात नहीं है। रिलायंस जियो ने JioShield (जियोशील्ड) लॉन्च किया है, जो एक फैमिली सेफ्टी (परिवार की सुरक्षा) सब्सक्रिप्शन सर्विस है। JioShield में परिवार की बाहर और ऑनलाइन दोनों तरह की सुरक्षा के लिए लोकेशन ट्रैकिंग, SOS अलर्ट, स्क्रीन टाइम और ऐप-कॉन्टैक्ट कंट्रोल जैसी सुविधाएं दी गई हैं। आप बिना बार-बार कॉल किए अपने बच्चे या बुजुर्ग माता-पिता की लाइव लोकेशन देख सकते हैं।
JioShield के जरिए किसी भी आपातकालीन या मुसीबत की स्थिति में, बच्चा या बुजुर्ग एक टैप से तुरंत परिवार के सदस्यों को मदद के लिए SOS अलर्ट भेज सकता है। इतना ही नहीं अगर आपके बच्चे या बुजुर्ग के फोन की बैटरी खत्म होने वाली होगी, तो आपके फोन पर तुरंत इसका अलर्ट आ जाएगा।
JioShield के जरिए माता-पिता बच्चे की लोकेशन देख सकेंगे और जरूरी सेफ्टी अलर्ट पा सकेंगे। सबसे ख़ास बात यह है कि बच्चों के मामले में यह तय किया जा सकेगा कि वे किन ऐप्स और कॉन्टैक्ट्स का इस्तेमाल करें और स्क्रीन पर कितना समय बिता सकते हैं।
JioShield को मोबाइल में सेट करना भी आसान रखा गया है। इसके लिए माता-पिता के फोन में JioThings और बच्चे या बुजुर्ग के फोन में JioShield ऐप इंस्टॉल करना होगा। दोनों ऐप जुड़ने के बाद माता-पिता अपने फोन से लोकेशन, स्क्रीन टाइम, ऐप और कॉन्टैक्ट से जुड़ी सुविधाओं को प्रबंधित कर सकेंगे।
बच्चे या बुजुर्ग के फोन में Android 10 या उससे ऊपर का ऑपरेटिंग सिस्टम और सक्रिय जियो नंबर होना जरूरी है। माता-पिता के लिए JioThings फिलहाल Android पर उपलब्ध है। इसे iOS पर 1 अक्टूबर से उपलब्ध कराया जाएगा।
बता दें कि JioShield की सालाना कीमत ₹1,000 है, यानी महीने के हिसाब से औसतन करीब ₹83 रुपये खर्च करने होंगे। इसके लिए ₹1,000 का एकमुश्त भुगतान करना होगा। जियो की 10वीं सालगिरह के ऑफर में ग्राहकों को कुल ₹1,000 के जियो रिचार्ज वाउचर मिलेंगे। इसी आधार पर कंपनी इसे प्रभावी रूप से मुफ्त बता रही है। ₹1,000 के रिचार्ज वाउचर 10 हिस्सों में ₹100-₹100 के होंगे। इनका इस्तेमाल ₹399 या उससे अधिक कीमत वाले Unlimited 5G प्लान के रिचार्ज पर किया जा सकेगा।










