UP विधानसभा चुनाव : 150 नहीं, अब हर दूसरी सीट की डिमांड कर रही है कांग्रेस पार्टी
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 के लिए इंडियन नेशनल कांग्रेस (INC) पार्टी ने कमर कस ली है। कांग्रेस महासचिव व लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी ने हाल ही में यूपी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर करीब 200 सीटों पर पार्टी को मजबूत करने की योजना बनाई है।

लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 के लिए इंडियन नेशनल कांग्रेस (INC) पार्टी ने कमर कस ली है। कांग्रेस महासचिव व लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी ने हाल ही में यूपी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर करीब 200 सीटों पर पार्टी को मजबूत करने की योजना बनाई है। इससे पहले चर्चा थी कि कांग्रेस 150 विधानसभा सीटों पर फोकस कर रही है, जबकि अब यह आंकड़ा बढ़कर 200 बताया जा रहा है। इस बीच सवाल उठ रहा है कि क्या समाजवादी पार्टी (SP) चीफ अखिलेश यादव इतनी भारी संख्या में अपने हिस्से की सीटें सहयोगी दल को देने को राजी होंगे?
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने लगभग 200 विधानसभा सीटों पर दावा किया है
दरअसल, सूत्रों के हवाले से खबर मिली है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने लगभग 200 विधानसभा सीटों पर दावा किया है। यानी समाजवादी पार्टी से कांग्रेस कुल 200 सीटें मांगने वाली है। वहीं 403 विधानसभा क्षेत्र वाले उत्तर प्रदेश में 200 सीटों का सीधा अर्थ यह है कि कांग्रेस समाजवादी पार्टी के साथ बराबरी की चुनाव लड़ना चाहती है।
200 सीट देने के लिए SP होगी राजी?
दरअसल, सियासी गलियारों में लंबे समय से यह बात चल रही है कि अखिलेश यादव अपनी पार्टी के लिए 350 सीटों पर तैयारी कर रहे हैं। यानी बची 53 सीटों पर बंटवारे के आसार हैं। ऐसे में कांग्रेस को अधिकतम 53 सीटें मिलने के कयास लगाए जा रहे थे। हालांकि, अब कांग्रेस की तैयारी को देखते हुए यह कहना मुश्किल है कि कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर लड़ेगी। अखिलेश ने स्पष्ट रूप से यह बात कही थी कि 'सीट जरूरी नहीं है, जीत जरूरी है।' वहीं, दोनों पार्टियां लगातार यह भी कहती आ रही हैं कि सपा और कांग्रेस दोनों ही पूरी 403 सीटों पर चुनावी तैयारियों में जुटी हैं।
सीट बंटवारे पर कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने क्या कहा?
यूपी में सपा और कांग्रेस के सीट बंटवारे पर इमरान मसूद ने बड़ा बयान दिया है। दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स में यह बात चल रही है कि कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 170 सीटों की लिस्ट शेयर की है। इस पर इमरान मसूद ने कहा कि यह पार्टी का मामला है, पार्टी जाने। हमलोग अपनी पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। पार्टी मजबूत खड़ी हो, हमारा यही ध्येय, यही लक्ष्य है।













