रेलवे लाइन के किनारे मिला लापता युवक का शव, नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका
पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में देवी स्थान मंदिर के पास रेलवे लाइन के किनारे एक 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक पिछले दिन से घर से लापता था।

पटना/बिहटा : पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में देवी स्थान मंदिर के पास रेलवे लाइन के किनारे एक 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक पिछले दिन से घर से लापता था। शव मिलने की सूचना पर घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान बिहटा बाजार निवासी स्वर्गीय सूर्य देव बिन्द के पुत्र प्रखंड कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका जताई है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
युवक के शव को रेलवे लाइन के किनारे पड़े देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल बिहटा पुलिस को सूचना दी
जानकारी के अनुसार, युवक के शव को रेलवे लाइन के किनारे पड़े देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल बिहटा पुलिस को सूचना दी। साथ ही मृतक के परिजनों को भी इसकी जानकारी दी गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां रीना देवी ने बताया कि उनका बेटा पिछले दिन सुबह करीब 11 बजे खाना खाने के बाद घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के सदस्यों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
पिता की मृत्यु के बाद से ही युवक नशे का आदी हो गया था
वहीं अगले दिन सुबह स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि देवी स्थान मंदिर के पास रेलवे लाइन के किनारे उसके बेटे का शव पड़ा है। इसके बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। बताया जाता है कि मृतक के पिता का कुछ वर्ष पहले निधन हो गया था। परिजनों के अनुसार, पिता की मृत्यु के बाद से ही युवक नशे का आदी हो गया था। इधर, सूचना मिलने पर बिहटा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
बिहटा से मंयक सिंह की रिपोर्ट













