पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरजिला गिरोह के 3 अपराधी गिरफ्तार, कई अवैध सामान बरामद
सुपौल जिले में बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे अंतरजिला अपराधी गिरोह के तीन सदस्यों को सुपौल पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

सुपौल : सुपौल जिले में बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे अंतरजिला अपराधी गिरोह के तीन सदस्यों को सुपौल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से पांच देसी कट्टा, एक पिस्टल, 17 जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, हथौड़े, प्लायर कटर सहित अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से अपराधियों की योजना विफल हो गई।
अंतरजिला अपराधी गिरोह के कुछ सदस्य सुपौल जिले में सक्रिय थे और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे
पुलिस के अनुसार, अंतरजिला अपराधी गिरोह के कुछ सदस्य सुपौल जिले में सक्रिय थे और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस के निर्देश पर त्रिवेणीगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में त्रिवेणीगंज अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों को शामिल किया गया। गठित टीम पिछले कई दिनों से गिरोह की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से अपराधियों की पहचान कर उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही थी।
एक स्थान पर एकत्रित होकर बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं
इसी क्रम में 22 अक्टूबर की रात पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य त्रिवेणीगंज अनुमंडल क्षेत्र में एक स्थान पर एकत्रित होकर बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान तीन संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में हथियार, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद हुए।
गिरोह को स्थानीय स्तर पर कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से सहयोग मिलने की जानकारी भी सामने आई है
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पूर्णिया जिले के बनमनखी थाना क्षेत्र के पिपरा वार्ड संख्या-12 निवासी अजय यादव, बेला बदन वार्ड संख्या-14 निवासी फूलो ततमा तथा अररिया जिले के भरगामा थाना क्षेत्र के खजुरी बाजार वार्ड संख्या-7 निवासी शशि ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपितों ने सुपौल जिले में बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बनाने की बात स्वीकार की। गिरोह को स्थानीय स्तर पर कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से सहयोग मिलने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस ऐसे लोगों की पहचान कर उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस ने कहा- मामले में राजेश्वरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है
पुलिस ने बताया कि मामले में राजेश्वरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पुलिस गिरोह के पूरे नेटवर्क और पूर्व की आपराधिक घटनाओं में उसकी संलिप्तता का भी पता लगा रही है।
सुपौल से कुणाल कुमार की रिपोर्ट













