'हम उनके साथ हैं' तेज प्रताप यादव के साथ आए जीतन राम मांझी, सियासी हलचल तेज
बिहार MLC चुनाव में प्रत्याशी नहीं बनाए जाने से नाराज पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम ने राजद से इस्तीफा दे दिया है। वहीं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी भी तेज प्रताप यादव के समर्थन में उतर गए हैं और कहा कि HAM शिवचंद्र भाई के साथ हैं।
बिहार MLC चुनाव में प्रत्याशी नहीं बनाए जाने से नाराज पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम ने राजद से इस्तीफा दे दिया है। सुनील सिंह ने राजद उम्मीदवार के तौर पर पर्चा भर दिया। लालू यादव के बेटी रोहिणी आचार्य ने एक्स पर तेजस्वी यादव और सुनील सिंह पर जमकर निशाना साधा। अब तेज प्रताप यादव ने शिवचंद्र राम का समर्थन करते हुए कहा है कि उनका सम्मान होना चाहिए था। वहीं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी भी तेज प्रताप यादव के समर्थन में उतर गए हैं और कहा कि HAM शिवचंद्र भाई के साथ हैं।
तेज प्रताप ने कहा कि शिवचंद्र राम के योगदान की अनदेखी की गई और उनका सम्मान होना चाहिए था। तेज प्रताप यादव ने एक्स पर लिखा- 'शिवचंद्र राम जी का पार्टी पद से इस्तीफा देना बेहद दुखद और पीड़ादायक क्षण है। वर्षों तक संगठन और समाज के लिए समर्पित होकर कार्य करने वाले शिवचंद्र राम जी ने संत रविदास जी के आदर्शों पर चलते हुए बिहार भर में समाज को जोड़ने का काम किया। मेरा मानना है कि उनके योगदान का सम्मान होना चाहिए था।
उन्होंने आगे लिखा-उनके साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, वह निराशाजनक और निंदनीय है। सामाजिक न्याय, समान भागीदारी और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सिद्धांतों की भावना के अनुरूप सभी को सम्मान मिलना चाहिए। इस कठिन समय में में शिवचंद्र राम जी के साथ खड़ा हूँ। जनशक्ति जनता दल भी उनके साथ अपनी एकजुटता और समर्थन व्यक्त करता है। उनके संघर्ष, समर्पण और सम्मान की लड़ाई में हम उनके साथ हैं।
वहीं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी भी शिवचंद्र राम का समर्थन करते हुए राजद पर गंभीर आरोप लगाए। जीतन राम मांझी ने एक्स पर लिखा है-शिवचंद्र भाई राजद वालों ने जो आपके साथ किया वह कोई नया नहीं हैं। जहां मोटा माल मिला इनकी गाड़ी वहीं रूक जाती है और हमारे समाज के लोगों के पास इतना माल हैं कहां कि वह इन्हें ख़ुश कर पाएं। वैसे हमने तो पहले ही कहा था कि SC/ST के पर्चा वाली ज़मीन पर सबसे ज़्यादा अवैध कब्जा राजद वालों ने ही किया हुआ है। जो ग़रीबों की ज़मीन तक को नहीं छोड़ें ऐसे लोगों से किसी भी चीज़ की उम्मीद करनी बेमानी है। वैसे HAM शिवचंद्र भाई के साथ हैं।
बता दें कि सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल के एससी-एसटी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने न सिर्फ प्रकोष्ठ अध्यक्ष पद छोड़ा बल्कि पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व मंत्री बेहद भावुक नजर आए और मीडिया के सामने ही फूट-फूट कर रोने लगे। बताया जा रहा है कि शिवचंद्र राम बिहार विधान परिषद चुनाव में टिकट न मिलने से नाराज थे। बताया जा रहा है कि आरजेडी की ओर से उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाए जाने के बाद उन्होंने यह बड़ा फैसला लिया।