बिहार MLC चुनाव : शिक्षक व स्नातक के सभी रिजल्ट घोषित, कौन कितने जानें...
बिहार में विधान परिषद (MLC) के आठ सीटों पर चुनाव हुए। जिसमें चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र पर चुनाव हुए। बता दें कि चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के रिजल्ट घोषित हो गए हैं।

पटना : बिहार में विधान परिषद (MLC) के आठ सीटों पर चुनाव हुए। जिसमें चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र पर चुनाव हुए। बता दें कि चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के रिजल्ट घोषित हो गए हैं। जिसमें पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राजद के डॉ. संजीव कुमार, तिरहुत शिक्षक सीट से बीजेपी के नरेंद्र सिंह, दरभंगा शिक्षक सीट से 'जन सुराज' के सुरेश प्रसाद राय और सारण शिक्षक सीट से बीजेपी के बागी निर्दलीय प्रत्याशी राहुल राज ने जीत हासिल की है। वहीं पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के नीरज कुमार ने बाजी मारी जबकि तीन सीट पर मतगणना जारी है। शिक्षक और स्नातक सीट की बात करें तो एनडीए (4), महागठबंधन (1), निर्दलीय (2) और जन सुराज एक सीट पर बाजी मारी है। शिक्षक में भाजपा (1), राजद (1), जनसुराज (1) और निर्दलीय एक सीट जीती है। वहीं स्नातक में बीजेपी (2), जदयू (1) और निर्दलीय एक सीट जीती है।
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
राजद के डॉ. संजीव कुमार ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के दिग्गज नेता नवल किशोर यादव को 1,057 वोटों के अंतर से हराया है। नवल किशोर यादव इस सीट पर करीब 30 साल (लगातार पांच बार) से विजयी रहे थे। डॉ. संजीव कुमार को कुल 4,487 वोट मिले, जबकि नवल किशोर यादव को 3,430 वोट मिले। तीसरे स्थान पर जनसुराज की उम्मीदवार डॉ. दिव्या ज्योति रहीं।
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बिहार विधान परिषद चुनाव में एनडीए समर्थित बीजेपी उम्मीदवार डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह (2,945 वोट) ने जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय उम्मीदवार भूषण कुमार झा (2351 वोट) को 594 वोटों के अंतर से हराया। सीपीआई के मौजूदा एमएलसी संजय कुमार सिंह (1967 वोट) तीसरे स्थान पर रहे।
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने बिहार विधान परिषद की दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर जीत दर्ज करके अपना खाता खोल लिया है। जन सुराज पार्टी के डॉ. सुरेश प्रसाद राय (2574 वोट) ने कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा (2187 वोट) को 324 वोटों से हराया।
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में डॉ. राहुल राज निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे थे। उन्होंने जदयू उम्मीदवार आनंद पुष्कर को पराजित कर जीत हासिल की। मतगणना के 14वें राउंड के बाद राहुल राज को 4,965 मत मिले, जबकि आनंद पुष्कर को 3,150 मत प्राप्त हुए। इस तरह उन्होंने 1,815 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार ने जीत दर्ज की है। उन्होंने राजद उम्मीदवार को 4,655 वोट से हराया है। जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार को 19,930 वोट मिले, जबकि राजद के प्रत्याशी दिलीप कुमार को 15,275 वोट प्राप्त हुए। दोनों के बीच 4,655 मतों का अंतर रहा। वहीं 11,278 वोट के साथ जनसुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह तीसरे स्थान पर रहे। नीरज कुमार की यह लगातार चौथी जीत है। नीरज कुमार ने अपनी जीत के लिए पार्टी प्रमुख नीतीश कुमार और निशांत कुमार का धन्यवाद अदा किया और अपनी जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया है। इस सीट पर मुकाबला काफी चर्चित रहा क्योंकि मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने पार्टी लाइन से हटकर जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया था। चुनाव परिणाम आने के बाद अनंत सिंह ने हार स्वीकार की।
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी डॉ. एनके यादव ने राजद को हराकर बड़ी जीत दर्ज की है। इसके साथ ही डॉ. एनके यादव लगातार तीसरी बार इस सीट से विधान परिषद पहुंचे हैं। डॉ. यादव को कुल 31,823 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद प्रत्याशी नितेश यादव को 21,797 मत प्राप्त हुए। इस तरह बीजेपी प्रत्याशी ने 10,026 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। वहीं, जन सुराज के प्रत्याशी रजनीश रंजन को 16,264 और कांग्रेस प्रत्याशी मनोज जायसवाल को 2,297 वोट मिले। इस चुनाव में कुल 73,487 वोट पड़े थे। इनमें से 9,086 मत अवैध घोषित किए गए, जबकि 64,401 मत वैध पाए गए।
तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी और शिक्षक नेता बंशीधर ब्रजवासी ने जीत दर्ज की है। ये उनकी दूसरी जीत है। निर्दलीय प्रत्याशी बंशीधर ब्रजवासी को कुल 31,832 वोट मिले। एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी अभिषेक झा को 22,685 वोट मिले। बंशीधर ब्रजवासी ने 9,147 वोटों के अंतर से यह चुनाव जीता है।
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
विधान परिषद चुनाव 2026 में दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार सर्वेश कुमार ने विजय प्राप्त की है। अंतिम और सटीक वोटों के अंतर का आधिकारिक आंकड़ा अभी पूरी तरह से सार्वजनिक नहीं हुआ है। भाजपा के सर्वेश कुमार 13,280 मत पाकर पहले स्थान पर थे और राजद के अनिल कुमार झा (12,096 मत) मिले। 10वें राउंड की गिनती के बाद वे 1,291 वोटों से आगे थे और चुनाव का फैसला एलिमिनेशन राउंड के आधार पर होना था।
बिहार MLC चुनाव की विजेता सूची
1. कोसी स्नातक सीट से भाजप के डॉ. एनके यादव ने जीत हासिल की।
2. सारण शिक्षक सीट से निर्दलीय प्रत्याशी राहुल राज को जीत मिली।
3. पटना शिक्षक सीट पर राजद के डॉ. संजीव सिंह को विजय हासिल हुई।
4. तिरहुत शिक्षक सीट पर भाजप के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत प्राप्त की।
5. दरभंगा शिक्षक सीट से जनसुराज पार्टी के डॉ. सुरेश प्रसाद राय को जीत मिली।
6. पटना स्नातक सीट पर जदयू के नीरज कुमार ने विजय प्राप्त की।
7. तिरहुत स्नातक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी बंशीधर ब्रजवासी को जीत मिली।
8. दरभंगा स्नातक सीट पर भाजपा के सर्वेश कुमार को विजय प्राप्त हुई।
बिहार की 8 विधान परिषद सीटों का जातीय समीकरण
1. तिरहुत शिक्षक - नरेंद्र सिंह (BJP) - भूमिहार
2. दरभंगा शिक्षक - सुरेश राय (JSP) - भूमिहार
3. पटना शिक्षक - संजीव सिंह (RJD) - भूमिहार
4. पटना स्नातक - नीरज कुमार (JDU) - भूमिहार
5. दरभंगा स्नातक - सर्वेश कुमार (BJP) - भूमिहार
6. सारण शिक्षक - राहुल राज (IND.) - राजपूत
7. कोसी स्नातक - एनके यादव (BJP) - यादव
8. तिरहुत स्नातक - बंशीधर ब्रजवासी (IND.) - मल्लाह













