दिल्ली के पूर्व जल मंत्री सतेंद्र जैन गिरफ्तार, अब केजरीवाल ने दी तीखी प्रतिक्रिया
दिल्ली जल बोर्ड के एसटीपी के टेंडर में कथित अनियमितताओं, तकनीकी शर्तों में हेरफेर और रिश्वत के मामले में दिल्ली सरकार की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने मंगलवार को पूर्व जल मंत्री सत्येंद्र जैन समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया।

दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के टेंडर में कथित अनियमितताओं, तकनीकी शर्तों में हेरफेर और रिश्वत के मामले में दिल्ली सरकार की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने मंगलवार को पूर्व जल मंत्री सत्येंद्र जैन समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया। अब इस मामले में दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
बता दें कि एसीबी द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपितों में दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व सीईओ एवं आईएएस अधिकारी उदित प्रकाश राय, पूर्व संविदा सलाहकार अंकित श्रीवास्तव, एएन एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर नागेंद्र यादव, यूरोटेक एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के मालिक राजा कुमार कुर्रा और सृजनहार के प्रोपराइटर पंकज वर्मा शामिल हैं। एसीबी के अनुसार, यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की विभिन्न धाराओं और भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत दर्ज एफआईआर संख्या 10/2024 की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई है। यह मामला दिल्ली सरकार के सतर्कता निदेशालय की शिकायत पर 11 मई 2024 को दर्ज किया गया था। इनकी गिरफ्तारी मंगलवार को की गयी।
एसीबी द्वारा की गयी इस कार्रवाई के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। इन सभी की गिरफ्तारी के कुछ देर बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी तीखी आलोचना की। उन्होंने लिखा कि सत्येंद्र जैन को एक बार फिर भाजपा ने गिरफ्तार करवा दिया है। केजरीवाल ने पिछले मामले को फर्जी बताते हुए कहा कि यह केस भी फर्जी साबित होगा और भाजपा की तानाशाही कब तक चलेगी। सत्येन्द्र जैन को एक बार फिर बीजेपी ने गिरफ्तार करवा दिया है। अभी कुछ वक्त पहले इन लोगों ने जेल में डालकर उनकी जो दुर्दशा की थी, वह सबको याद है। पिछला केस भी फर्जी था और यह केस भी फर्जी साबित होगा। आखिर कब तक बीजेपी की ये तानाशाही चलती रहेगी? जिसे मन करता है, झूठे आरोप लगाकर जेल में डाल देते हैं। इनका झूठ एक बार फिर देश के सामने आएगा, लेकिन जेल में बिताए उस वक्त और मानसिक प्रताड़ना की भरपाई कौन करेगा? बीजेपी के पाप का घड़ा अब भर चुका है। ये चाहे जितनी तानाशाही कर लें, अब मोदी सरकार का अंत तय है। पूरी आम आदमी पार्टी और देश की जनता सत्येन्द्र जैन के साथ मज़बूती से खड़ी है।












