दिल्ली दौरे पर CM सम्राट चौधरी, रक्षा मंत्री से की मुलाकात, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में होंगे शामिल
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज दिल्ली दौरे पर हैं। इस दौरान सीएम केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और वरिष्ठ BJP नेता धर्मेंद्र प्रधान से सीएम सम्राट चौधरी ने मुलाकात की है।

नई दिल्ली/पटना, 2 नवंबर 2026। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज दिल्ली दौरे पर हैं। इस दौरान सीएम केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में बिहार के विकास, केंद्रीय योजनाओं और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और वरिष्ठ BJP नेता धर्मेंद्र प्रधान से सीएम सम्राट चौधरी ने मुलाकात की है। मुख्यमंत्री शाम 4:30 बजे भारत मंडपम में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
दिल्ली दौरे पर आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सबसे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। राजनाथ सिंह से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रक्षा मंत्री का मार्गदर्शन प्राप्त किया। इसके बाद सम्राट चौधरी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ BJP नेता धर्मेंद्र प्रधान से की शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान विभिन्न मुद्दों पर चर्चा
हुई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। बिहार से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की संभावना है। मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है। मुख्यमंत्री केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भी मुलाकात करेंगे।
बिहार के विकास से जुड़े मुद्दों पर रहेगा फोकस
केंद्रीय मंत्रियों के साथ प्रस्तावित बैठकों में बिहार की विभिन्न विकास परियोजनाओं, बुनियादी ढांचे, शिक्षा और सड़क परिवहन से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री 3 नवंबर को प्रस्तावित बैठक की तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे।
शाम 4:30 बजे प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में होंगे शामिल
दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का शाम 4:30 बजे भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम है। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन एवं एक्सपो 2026' का उद्घाटन करेंगे। इस सम्मेलन में स्वच्छ ऊर्जा, निवेश, नवाचार और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की संभावनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े से भी मुलाकात प्रस्तावित
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े से भी मुलाकात प्रस्तावित है। हालांकि, इस बैठक का समय अभी तय नहीं हुआ है। इस मुलाकात को राजनीतिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे और केंद्रीय नेतृत्व के साथ प्रस्तावित बैठकों को लेकर बिहार के राजनीतिक एवं प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि इन मुलाकातों में राज्य की विकास योजनाओं के साथ-साथ महत्वपूर्ण राजनीतिक और प्रशासनिक विषयों पर भी विचार-विमर्श हो सकता है।











